Varanasi : सर सुंदरलाल अस्पताल में भर्ती Corona virus के दो संदिग्ध मरीजों की मौत, दोनों की जांच रिपोर्ट का था इंतजार

वाराणसी। सर सुंदरलाल अस्पताल में भर्ती कोरोना वायरस के दो संदिग्ध मरीजों की शुक्रवार को मौत हो गई। इन्हें अस्पताल के प्राथमिक वार्ड में भर्ती किया गया था। इनमें एक महिला और दूसरा पुरुष था। दोनों को गुरुवार को भर्ती कराया गया था। इनकी जांच रिपोर्ट अभी नहीं आयी है।

दरअसल, अस्पताल की इमरजेंसी में बुखार की शिकायत पर गुरुवार को पहुंचे बनारस के 55 साल के पुरुष और 59 साल की महिला को कोरोना जांच के लिए 103 नंबर काउंटर पर भेजा गया था। यहां दोनों के स्वाब (लार) का नमूना लेकर कोरोना प्राथमिक वार्ड में भर्ती कर लिया गया। विश्वविद्यालय के प्रवक्ता डॉ. राजेश सिंह ने बताया कि दोनों संदिग्धों की कोरोना के साथ रक्त संबंधी अन्य जांच भी कराए गए थे।

कोरोना की रिपोर्ट अब तक नहीं आई है। दोनों की मौत का कारण मल्टी आर्गन फेल्योर बताया जा रहा है। उधर वार्ड में पांच नए संदिग्धों को भर्ती किया गया। तबीयत में सुधार नहीं होने से वार्ड में दस संदिग्ध पहले से हैं।