67वां राष्ट्रीय रेल सप्ताह : BLW के कार्य प्रबंधक बी.पी.गुप्ता को मिला राष्ट्रीय रेल पुरस्कार, रेल मंत्री ने किया सम्मानित
Varanasi : बनारस रेल इंजन कारखाना के कार्य प्रबंधक (मशीन और संयंत्र) बी.पी.गुप्ता को भुवनेश्वर में आयोजित 67वें राष्ट्रीय रेल सप्ताह पुरस्कार 2022 पर रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव ने रेल मंत्री पुरस्कार से सम्मानित किया।
श्री गुप्ता द्वारा किये गये उत्कृष्ट कार्य से मोजाम्बिक में रेल इंजनों को समय से निर्यातित किया जा सका। व्यय में मितव्ययिता, उत्पादकता में सुधार, आयात प्रतिस्थापन आदि क्षेत्र में नवीनता के साथ सराहनीय कार्य किये गये। विदित हो कि बरेका में मौजूदा लोकोमोटिव वेट ब्रिज केवल मीटर गेज और ब्राड गेज इंजनों के वजन के लिए ही था, जबकि मोजाम्बिक को निर्यात करने के लिए केप गेज के उच्च अश्व शक्ति लोकोमोटिव का आदेश प्राप्त हुआ था, उस समय केप गेज लोको तौल के लिए कोई वेट ब्रिज उपलब्ध नहीं था।
PRO के मुताबिक, इस कारण केप गेज लोकोमोटिव के लिए उपयुक्त वेट ब्रिज बनाने का निर्णय लिया गया। यह कार्य बहुत ही चुनौतीपूर्ण था। श्री गुप्ता के ईमानदार प्रयासों से घरेलू संसाधनों के साथ मौजूदा वेट ब्रिज के संशोधन में उत्कृष्ट कार्य किया और केप गेज के साथ-साथ मानक गेज और ब्राड गेज इंजनों के वजन के लिए वेट ब्रिज को उपयुक्त बनाया गया। यह काम बहुत कम समय में किया, जिससे मोजाम्बिक में इंजनों को समय से भेजा जा सका। इस नए नवोन्मेषी कार्य से नए तुला पुल की लागत में भी लगभग रु. 49 लाख की बचत हुई।
इसके अतिरिक्त, उनके द्वारा किये गये अन्य इनोवेटिव कार्यों से बरेका को करोड़ों रुपये की बचत हुई। पुरस्कार समारोह में उपस्थित बरेका की महाप्रबंधक अंजली गोयल ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि श्री गुप्ता बरेका कर्मचारियों और अधिकारियों के लिए प्रेरणा स्रोत बनेंगे। टीम बरेका निर्धारित लक्ष्य से भी अधिक रेल इंजनों का निर्माण कर नया कीर्तिमान स्थापित करेगी।
