Aakanksha Dubey Suicide: एक्ट्रेस आकांक्षा के साथ पार्टी में जाने वाला युवक कौन? : पुलिस सुलझा रही अनसुलझे सवाल, इंस्टा अकाउंट से हुई थीं आखिरी बार लाइव, लिखी ये लाइन
Varanasi : भोजपुरी एक्ट्रेस आकांक्षा दुबे की मौत की खबर से एक तरफ जहां भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री में हड़कंप मचा हुआ है वहीं दूसरी तरफ उनके कई फैन्स का मानना है कि ये सुसाइड नहीं बल्कि हत्या है। बता दें कि वाराणसी के सारनाथ थाना क्षेत्र के एक होटल के कमरे में फंदे से आकांक्षा दुबे का शव लटका मिला। पुलिस प्रथम दृष्टया इसे आत्महत्या मान रही है। लेकिन जैसे-जैसे एक-एक कड़ी जुड़ती जा रही है, वैसे- वैसे आकांक्षा के मौत के पीछे के कई राज गहराते जा रहे हैं।
शनिवार की रात बर्थडे पार्टी में गई थीं अक्षरा
बता दें कि शनिवार की रात आकांक्षा दुबे एक बर्थडे पार्टी में गई थीं। रात करीब 2 बजे वो पार्टी से वापस होटल लौटीं। इस दौरान उसके साथ कोई युवक भी था। जानकारी के मुताबिक, ये युवक करीब 17 मिनट उसके साथ रहा। वहीं आकांक्षा की मेकअप आर्टिस्ट रेखा मौर्य ने भी बताया कि शनिवार को आकांक्षा ने किसी बर्थडे पार्टी में जाने की बात कही थी। वो शख्स कौन था ये अभी तक साफ नहीं हो पाया है।
इंस्टा अकाउंट से हुई थीं आखिरी बार लाइव, लिखी ये लाइन
बर्थडे पार्टी से आने के बाद एक्ट्रेस आकांक्षा दुबे अपने इंस्टा अकाउंट से लाइव हुईं। इस दौरान वो फूट-फूट कर रोती नजर आईं। जिसका वीडियो इंस्टा पर उनके कई फैन्स ने रिकॉर्ड कर लिया, ये वीडियो अब तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। आकांक्षा ने अपने इंस्टा एकाउंट के स्टोरी पर करीब 23 घंटे पहले एक शायरी भी पोस्ट किया था। जिसमें उन्होंने शायरी में लिखा- राह देखेंगे तेरी चाहे जमाना लग जाए, या तो आ जाए तू या हम ही ठिकाने लग जाएं।
मोबाइल से खुलेगा कई राज
वहीं, पुलिस की मानें तो आकांक्षा के मोबाइल से कई राज से पर्दा उठ सकता है। पुलिस उनकी मोबाइल खंगालने में जुट गयी है। साथ ही ये भी पता लगाने में जुटी है कि शनिवार की रात बर्थडे पार्टी के बाद वो कौन लड़का था जो होटल पर छोड़ने आया और उसके साथ 17 मिनट तक साथ रहा। अबतक किसी को नहीं पता चल पाया कि आखिर वो लड़का था कौन? फैंस की मानें तो आकांक्षा प्यार में थीं और दिल टूटने की वजह से उसने ये कदम उठा लिया।
नाटीइमली में थी फिल्म की शूटिंग
जानकारी के अनुसार, बीते एक महीने से वो बनारस में रुकी थीं। जहां वो अपनी अपकमिंग फिल्म ‘नालायक नहीं, लायक हूं मैं की’ शूटिंग कर रही थीं वही, होटल के मैनेजर रितेश कुमार मेहता ने बताया कि आज शूटिंग की लोकेशन नाटीइमली थी। निर्देशक के साथ सारे क्रू मेम्बर्स सुबह ही लोकेशन पर चले गए थे।
इन फिल्मों में किया काम
आकांक्षा दुबे ने ‘वीरों के वीर’ और ‘कसम पैदा करने वाले की 2’ जैसी हिट फिल्मों में काम किया था। उनकी गिनती बिहार और यूपी के चर्चित भोजपुरी चेहरों में होती है। आकांक्षा दुबे सोशल मीडिया प्लेट फॉर्म पर भी काफी चर्चा में रहीं। उनके टिक-टॉक वीडियो और एक्टिंग काफी चर्चा में रही ।
जांच के बाद सामने आएगा कारण
उधर, मौके पर पहुंचे एसीपी सारनाथ ने बताया कि आकांक्षा दुबे का शव मिला है, जिसे मोर्चरी भिजवा दिया गया है पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। उन्होंने बताया कि किसी भी प्रकार का सुसाइड नोट नहीं मिला है। प्रथम दृष्टया आत्महत्या लग रहा है। पीएम रिपोर्ट की प्रतीक्षा है।