Breaking Politics Varanasi उत्तर प्रदेश ऑन द स्पॉट 

PM के संसदीय कार्यालय के पास “आप” का प्रदर्शन: अडानी के खिलाफ जमकर विरोध किया, पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच नोकझोंक

Varanasi : आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जवाहर नगर स्थित प्रधानमंत्री के संसदीय कार्यालय के पास देश के बड़े उद्योगपति गौतम अडानी पर लगे महाघोटाले के आरोप की जांच की मांग को लेकर मंगलवार को जोरदार प्रदर्शन किया। आप कार्यकर्ताओं के विरोध प्रदर्शन को देखते हुए पहले से ही बड़ी संख्या में फोर्स की तैनाती कर दी गई थी। आप के काशी प्रांत के अध्यक्ष पवन तिवारी के नेतृत्व में कार्यकर्ता जैसे ही कालोनी में नारेबाजी करते हुए पहुंचे तो उन्हें संसदीय कार्यालय की ओर बढ़ने से फोर्स रोकने लगी। इस दौरान पुलिस और आप कार्यकर्ताओं में नोकझोंक और धक्का-मुक्की होती रही। इसी बीच कार्यकर्ताओं ने अडानी का पुतला फूंक दिया। कार्यकर्ता अपनी गिरफ्तारी देने के लिए तैयार थे। पुलिस ने वाहन भी मंगवा लिया था। लेकिन पुलिस ने कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी नहीं की।

आप कार्यकर्ताओं ने कहा कि देश में अब तक का सबसे बड़ा घोटाला सामने आया है। इसमें लाखों-करोड़ों निवेशकों का पैसा डूब गया। बैंकों और LIC जैसे संस्थाओं पर भी बुरा असर पड़ा है। देश के सबसे बड़े आर्थिक घोटाले के खिलाफ सरकार और प्रधानमंत्री का मौन रहना इस ओर इशारा करता है कि सरकार को भी इसकी जानकारी थी। कार्यकर्ता बोले कि राज्यसभा सांसद संजय सिंह के आह्वान पर प्रदेश के सभी मंडलों में आज प्रदर्शन किया गया। इसी के तहत बनारस के वाराणसी मंडल में भी काशी प्रांत के अध्यक्ष पवन तिवारी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं का विशाल समूह सड़कों पर निकला। पवन तिवारी ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बताएं कि देश के आम जनता का पैसा बैंक को और LIC जैसे संस्था में सुरक्षित है ना ? अडानी को बचाने में मोदी और उनका पूरा मंत्रिमंडल लगा है। अब ईडी कहां है? ईडी इस घोटाले को संज्ञान में लेकर जांच क्यों नहीं कर रहा है ? गौतम अडानी की गिरफ्तारी क्यों नहीं हो रही है ? इतना बड़ा घोटाला सामने आया है और सब संस्थाएं मौन हैं।

प्रदर्शन में मौजूद पूर्वांचल प्रांतीय प्रभारी अभिनव राय और बौद्ध प्रांत के प्रभारी डॉ. अनुराग मिश्रा ने कहा कि गौतम अडानी का शेयर ओवर वैल्यू हुआ है। जो गौतम अडानी 37 हजार करोड़ का मालिक था, अचानक विश्व का दूसरे नंबर का धनी व्यक्ति हो गया। उसकी संपत्ति 22 लाख करोड़ तक हो गई। इतना बड़ा बदलाव कैसे। सारे बड़े सरकारी ठीके गौतम अडानी को मिल जाना इशारा करता है कि सरकार ने जानबूझकर अडानी जैसे व्यापारी के साथ मिलकर देश के जनता की गाढ़ी कमाई को लूटने का काम किया है। प्रदर्शन के दौरान जिलाध्यक्ष रमाशंकर पटेल, महानगर अध्यक्ष अखिलेश पांडेय, मनोज गुप्ता, कैलाश पटेल, घनश्याम पांडेय, पल्लवी वर्मा, रेखा जायसवाल, अरविंद पटेल, ओम प्रकाश पटेल, अभिषेक सिंह, शारदा टंडन, रामजी सिंह पटेल, माया शंकर पटेल, अमर सिंह पटेल, विनोद वर्मा, कमला प्रसाद, दिनेश यादव, प्रवेश वर्मा, अब्दुल रकीब आदि रहे।

You cannot copy content of this page