Akanksha Dubey Death Case : आकांक्षा की मां ने कहा मेरी बेटी की हत्या हुई है, अधिवक्ता शशांक ने लगाए गंभीर आरोप, मधु दुबे ने कहा- पुलिस की कार्रवाई से हम संतुष्ट नहीं
Varanasi : आकांक्षा दुबे की मौत मामले में जहां समर सिंह को न्यायालय ने 14 दिनों की न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है वहीं सोमवार को आकांक्षा दुबे की मां मधु दुबे ने कहा कि समर मेरी बेटी का हत्यारा है। पिछले साल भी समर सिंह ने बनारस में मेरी बेटी के जन्मदिन पर उसको मारा था। जिसकी फोटो मैंने सारनाथ पुलिस को दिखाया था। वहीं सारनाथ पुलिस को समर सिंह ने 2 करोड़ रुपये में खरीद लिया है।
मधु दुबे ने बताया कि सारनाथ पुलिस पर मुझे भरोसा नहीं है। 21 मार्च की रात संजय सिंह ने मेरी बेटी को धमकी देते हुए कहा था कि तुमको मरवा दूंगा तुझे, गायब करवा दूंगा। जिसके बाद मेरी बेटी वाराणसी आयी। संजय सिंह और समर सिंह ने उसे मार दिया। वहीं उन्होंने कहा कि संदीप सिंह, होटल मैनेजर, अरुण पांडेय, श्रद्धा पांडेय, अनुराधा सिंह सब मिले हुए हैं। समर सिंह पर आरोप लगाते हुए बोली कि जब मेरी बेटी मुंबई आती थी तो रात-रात में मेरे नंबर पर फोन कर कहता था बात कराओ आकांक्षा से। अगर समर सिंह निर्दोष था तो उसे मेरी बेटी के मौत की खबर पर सबसे पहले आना चाहिए था फिर क्यों वो इतने दिनों तक छुपा हुआ था।
उन्होंने कहा कि सपा का संरक्षण मिलने की वजह से वो इतने दिन छिपा था। उसको सपा का साथ मिला था। होटल मैनेजर पर आरोप लगाते हुए कहा कि मैनेजर ने पहले से ही रूम में बिठा के रखा था। मेरी बेटी ने मुझे बताया था कि मम्मी मुझे समर सिंह ने मारा है जिसपर मैंने फोन कर समर सिंह को बहुत डांटा था।
वहीं, मधु दुबे के अधिवक्ता शशांक शेखर त्रिपाठी ने बताया कि दो प्रार्थना पत्र हम लोगों का पेंडिंग है। एक प्रार्थना पत्र जो विचाराधीन थी में, हमने कहा था कि विवेचक पर हमे विश्वास नहीं है। सारनाथ पुलिस ने पहले ही 306 धारा दर्ज किया था। जिसपर शुरू से ही मधु दुबे का कहना था कि उनकी सुनवाई नहीं की जा रही।
अधिवक्ता शशांक ने कहा कि अभी तक पुलिस के पास कोई मजबूत साक्ष्य नहीं मिले हैं उसके बाद भी मामला धारा 306 से जुड़ा होना बताया जा रहा है। आरोप लगाया कि मधु दुबे की तहरीर पर पुलिस मुकदमा कायम नहीं कर रही है। उन्होंने दोहराया कि हम इस प्रकरण में सीबीआई जांच की मांग करते हैं। आकांक्षा दुबे ने खुदकुशी नहीं की है उसकी हत्या हुई है। उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर कई संगीन आरोप लगाए।