Akanksha Dubey Suicide : वाराणसी पुलिस का समर सिंह पर शिकंजा; गैर जमानती वारंट हुआ जारी, कुर्की की कार्रवाई के लिए कोर्ट में दी अर्जी, फरार है आकांक्षा का गुनहगार
Varanasi : पुलिस कमिश्नर मुथा अशोक जैन के निर्देश के क्रम में वाराणसी पुलिस ने कोर्ट से आकांक्षा दुबे आत्महत्या प्रकरण में आरोपी सिंगर समर सिंह के विरुद्ध गैर जमानती वारण्ट प्राप्त कर लिया है। इसके अलावा पुलिस ने सीआरपीसी 82 के तहत कुर्की के लिए कोर्ट में अर्जी डाली है। पुलिस कमिश्नर के अनुसार समर सिंह और उसके भाई को पकड़ने के लिए पुलिस की कई टीमें दबिश डाल रहीं हैं, जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
मां ने लगाई थी मुख्यमंत्री से गुहार
आकांक्षा दुबे पंखे के सहारे लटकते हुए 26 मार्च को सारनाथ के एक होटल में मिली थीं। उसके अगले दिन वाराणसी पहुंची उनकी मां ने सिंगर समर सिंह और उसके भाई संजय सिंह पर आत्महत्या के लिए प्रेरित करने और प्रताड़ित करने के साथ ही साथ पैसा रोकने को लेकर तहरीर दी थी। पुलिस ने आत्महत्या के दुष्प्रेरण की धारा 306 में मुकदमा दर्ज किया था। इसके बाद पुलिस 10 दिनों तक समर सिंह को ढूढ़ नहीं पायी थी जिसके बाद मां मधु दुबे ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से न्याय की गुहार लगायी थी।
अब होकर रहेगी गिरफ्तारी
पुलिस कमिश्नर मुथा अशोक जैन ने बताया कि आकांक्षा दुबे आत्महत्या प्रकरण में नामजद समर सिंह पुत्र स्व अजीत सिंह निवासी- ग्राम मेंहनगर थाना मेंहनगर जनपद आजमगढ़ और उसके रिश्ते के भाई संजय सिंह पुत्र स्व बहादुर सिंह निवासी- ग्राम गद्दोपुर थाना बिलरियागंज जनपद आजमगढ़ के खिलाफ गैर जमानती वारंट इश्यू करा लिया गया है। इनकी गिरफ्तारी अब हर हाल में होगी।
कुर्की की कार्रवाई के लिए दी अर्जी
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि समर सिंह के विरुद्ध कोर्ट में सीआरपीसी 82 की कार्रवाई के लिए भी अर्जी दी गयी है। यह आरजी स्वीकार होते ही उसकी चल और चल सम्पतियां कुर्क की जाएगी।
26 मार्च को मिला था शव
आकांक्षा दुबे वाराणसी में शूटिंग के सिलसिले से आयीं थीं। 25 मार्च की रात में महमूरगंज इलाके में एक होटल में अपने दंपति मित्र के साथ पार्टी करके लौटीं आकांक्षा को लेकर संदीप सिंह नामक व्यक्ति होटल पहुंचा था। उसके जाने के बाद आकांक्षा इनस्टाग्राम पर लाइव आयीं थी और उसके अगले दिन उनका शव पंखे से लटकता हुआ उनके कमरे में मिला था।