अक्षय तृतीया 2022 : लोगों ने गंगा में लगाई पुण्य की डुबकी, मंदिरों में दर्शन-पूजन, यथाशक्ति गहने खरीदे
Varanasi : अक्षय तृतीया पर मंगलवार की सुबह भगवान शिव की नगरी काशी में धार्मिक आयोजनों और अनुष्ठानों का दौर सूर्योदय के साथ शुरू हुआ। बाबा दरबार से लगायत गंगा घाट तक आस्था की कतार दिन चढ़ने तक बढ़ने लगी।
सुबह लोगों ने गंगा में पुण्य की डुबकी लगाई। लोगों ने हवन-पूजन के साथ गंगा में उगते सूर्य को अर्घ्य दिया। स्नान के बाद दान की परंपराओं का निर्वहन किया। गंगा में स्नान के बाद बाबा दरबार पहुंचकर हाजिरी लगाई।
बाबा दरबार से लेकर विभिन्न मंदिरों में अक्षय पुण्य की कामना के साथ ही लोगों ने हाजिरी लगाई। बाबा दरबार के अलावा अन्य मंदिरों में भी लोगों ने दर्शन-पूजन किया।

अक्षय तृतीया पर सुबह तकरीबन दस बजे के पूर्व ही स्वर्णाभूषण की दुकानें खुल गईं। सोने और चांदी के सिक्के खरीदने की परंपरा का निर्वहन किया गया।
यथाशक्ति लोगों ने अपने जेब के अनुरूप चांदी और सोने के सिक्के, गहने और खाद्यान्न की खरीद कर घर को धन-धान्य से वर्ष भर परिपूर्ण होने की कामना की। घरों के मंदिरों में दीपक जलाए गए।