और रोड पर बहने लगा पेंट : कार ने पिकअप में मारी टक्कर, गाड़ी छोड़ कर भागे कार सवार, जानकारी मिलने पर 30 मिनट के भीतर पहुंची पुलिस
Varanasi : व्यास बाग के पास कार ने पेंट लदे पिकअप में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गयी। सैकड़ों लीटर पेंट सड़क पर गिरकर बर्बाद हो गया।
पिकअप चालक संजय भारद्वाज ने बताया कि जौनपुर के त्रिलोचन में स्थित एक पेंट की एजेंसी से करीब एक लाख रुपये से अधिक का पेंट लेकर वाराणसी में कई दुकानों पर पहुंचाने के लिए जा रहा था। शनिवार की दोपहर वह व्यास बाग (बड़ागांव) में ओवरब्रिज से नीचे उतर रहा थे। पीछे से आ रही कार ने टक्कर मार दिया।

टक्कर लगने के बाद पिकअप अनियंत्रित हो गई। करीब 50 मीटर दूर जाकर पलट गई। पिकअप में रखा पेंट गिर कर सड़क पर फैल गया। लोगों ने पिकअप में फंसे चालक संजय भारद्वाज को बाहर निकाला। कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। कार सवार सभी लोग गाड़ी छोड़कर भाग गए।
पुलिस ने जाम खत्म कराया
लोगों ने बताया की दुर्घटना के बाद कॉल कर पुलिस को बताया गया। हादसे के बाद सड़क पर जाम लग गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आधे घंटे के भीतर पहुंची पुलिस ने जाम खत्म कराया।
