बिजली कटौती से आक्रोशित व्यापारी सड़क पर उतरे : प्रदर्शन कर विरोध जताया, आश्वासन पर माने
Varanasi : विद्युत कर्मचारियों के 72 घंटे का हड़ताल गुरुवार की रात 10 बजे से शुरू होने के बाद ही शहर की बिजली व्यवस्था चरमराने लगी। शुक्रवार की सुबह से शहर के विभिन्न क्षेत्रों विद्युत कर्मचारियों के हड़ताल का असर दिखने लगा। शहर के घनी आबादी वाले क्षेत्रों में बिजली न होने से लोग परेशान हैं, जिसकी वजह से लोगों में बिजली विभाग के खिलाफ आक्रोश बढ़ता जा रहा है। वहीं वरुणा पार में विगत 24 घंटे से ऊपर बिजली कटौती से अक्रोशित लोग धरने पर बैठ गए।

वाराणसी व्यापार मंडल के अध्यक्ष अजीत सिंह बग्गा के नेतृत्व में सैकडों व्यापारियों ने पाण्डेयपुर काली मंदिर पर धरना पप्रदर्शन के जरिए अपना रोष जताया। लगभग ढाई घंटे के उपरांत भी संबंधित विभाग के जिम्मेदारों का मौके पर न आने से नाराज व्यापारियों ने चक्का जाम कर दिया। इस दौरान मौके पर एसीपी कैंट अतुल अंजान त्रिपाठी व लालपुर थाना प्रभारी निरीक्षक ओम नारायण शुक्ल ने व्यापारियों से एक घंटा का समय लेते हुए समस्या समाधान का आश्वासन दिया और जाम को समाप्त कराया। व्यापारियों ने समय से बिजली आपूर्ति न होने पर दुबारा प्रदर्शन की बात कही। धरने में अजीत बग्गा के साथ कविंद्र जायसवाल, मनीष गुप्ता, संजय गुप्त,संजय मध्यानी, दीप्तिमान, अरविंद जायसवाल सहित सैकड़ों व्यापारी उपस्थित थे।
