BJP का मिशन 2024 : पूर्वांचल के जिलाध्यक्षों में फेरबदल, इनपर दुबारा जताया भरोसा, जाने किन्हें मिली किन जिले की जिम्मेदारी
Varanasi : आगामी लोकसभा चुनाव 2024 की तैयारी में भारतीय जनता पार्टी जुट गई है। इसी क्रम में बीजेपी ने गुरुवार को यूपी संगठन में बड़े स्तर का फेरबदल किया है। काशी और गोरखपुर क्षेत्र के जिलों समेत प्रदेश भर में कई भाजपा जिलाध्यक्षों का फेरबदल किया है। जिलाध्यक्ष की तैनाती में सामाजिक और जातीय समीकरण का ध्यान रखा गया है। काशी क्षेत्र में वाराणसी, मिर्जापुर, जौनपुर व मछलीशहर के जिला अध्यक्ष यथावत हैं। विद्यासागर राय को दोबारा वाराणसी महानगर का अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं वाराणसी जिले के अध्यक्ष पद पर हंसराज विश्वकर्मा भी बरकरार रहेंगे। संगठन ने चंदौली समेत कई जिलों में बदलाव करते हुए संगठन में सक्रिय व समर्पित कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी है।
जम्मू कश्मीर के उप राज्यपाल मनोज सिन्हा के करीबियों में गिने जाने वाले सुनील सिंह को गाजीपुर का जिलाध्यक्ष बनाया गया है। सोनभद्र में अजीत चौबे की जगह नंदलाल गुप्ता को जिलाध्यक्ष बनाया गया है। मऊ जिला महामंत्री नूपुर अग्रवाल को जिला अध्यक्ष बनाया गया। चंदौली में अभिमन्यु सिंह की जगह काशीनाथ सिंह को जिलाध्यक्ष बनाया गया है।

