#Breaking : पानी टंकी पर चढ़ी महिला को बचाने गए फायर सर्विस के जवानों पर मधुमक्खियों ने किया हमला, अफरातफरी के बीच महिला सहित तीन जख्मी
#Varanasi : महिला को बचाने के लिए पानी टंकी पर चढ़े फायर सर्विस के जवानों पर बुधवार की शाम मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। मधुमक्खियों के अचानक हमले से महिला और फायर सर्विस के जवान बिलबिला उठे। हिम्मत दिखाते हुए फायर सर्विस के एक जवान ने किसी तरीके से महिला को नीचे उतारा। मधुमक्खियों के हमले से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मची गई।

दरअसल, विकास प्राधिकरण के बगल वाली पानी टंकी पर चढ़कर 30 वर्षीय महिला बैठी हुई थी। किसी ने पुलिस को जानकारी दे दी कि महिला जान देने की नियत से पानी टंकी पर चढ़ी है। कुछ ही देर में पुलिस और फायर फाइटर्स मौके पर पहुंचे। आवाज देकर उन्होंने महिला को नीचे उतारने की कोशिश की। महिला के न उतरने पर फायर सर्विस के जवान पानी टंकी पर चढ़े। पानी टंकी पर मधुमक्खियों ने छत्ता लगा रखा था। इससे पहले कि फायर सर्विस के जवान कुछ समझते, मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से बिलबिला कर दो जवान नीचे उतर आए। राकेश यादव नामक फायर फाइटर ने महिला को नीचे उतारा। मधुमक्खियों ने राकेश और महिला को काट लिया था। महिला सहित फायर सर्विस के तीन जवान मधुमक्खियों के हमले से जख्मी हुए हैं।