#Breaking : गोली लगने से जख्मी महरौड़ा के ग्राम प्रधान की BHU ट्रामा सेंटर में मौत, चंदौली पुलिस को हमलावरों की तलाश
वाराणसी। चंदौली के बलुआ (महरौड़ा गांव) में हमलावरों की गोली से जख्मी ग्राम प्रधान मनोज यादव (35) की शुक्रवार की भोर में ट्रामा सेंटर में इलाज के दरमियान मौत हो गई। पहुंची पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ग्राम प्रधान के मौत की जानकारी मिलते ही उनके घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
दरअसल, गुरुवार की देर शाम ग्राम प्रधान गांव के चौराहे पर लोगों को लॉकडाउन का पालन करने के लिए जागरूक कर रहे थे। बाइक पर सवार दो बदमाशों ने उन्हें लक्ष्य बनाकर गोली मार दी। असलहा लहराते हुए हमलावर वहां से भाग निकले। दो गोली ग्राम प्रधान के कमर में लगी। पहुंची पुलिस ने जख्मी ग्राम प्रधान को ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया। इलाज के दरमियान शुक्रवार को भोर में उनकी मौत हो गयी। चंदौली पुलिस हमलावरों की तलाश कर रही है।
केंद्रीय मंत्री ने ट्रामा सेंटर के अधीक्षक से की बात
ग्राम प्रधान की गोली मारकर हत्या के बाद जनप्रतिनिधियों ने शोक संवेदना प्रकट की है। रात भर चिकित्सकों के टच में रहे केंद्रीय मंत्री केंद्रीय कौशल विकास व उद्यमशीलता मंत्री डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय ने घटना पर शोक जताया। उन्होंने ट्रामा सेंटर के अधीक्षक से रात में वार्ता कर घायल प्रधान का हाल जाना। सही ढंग से इलाज करने के निर्देश दिए थे।