रंगीन मिजाजी के फेर में मारा गया था बृजेश : हत्या के पीछे है ये कहानी, पुलिस ने चार हत्यारोपियों को उठाया, वारदात वाले दिन मुर्गा और शराब की हुई थी पार्टी
Varanasi : पहड़िया का रहने वाले लॉन संचालक बृजेल पटेल (40) रंगीन मिजाजी के फेर में मारा गया। बृजेश का संबंध लॉन में काम करने वाले खटौना (चौबेपुर) निवासी कर्मचारी की बहन से हो गया था।
नाराज कर्मचारी ने अपने दोस्त की मदद से बृजेश की कार में ही हत्या कर दी। हत्या के समय कार में कर्मचारी की बहन और उसका पति भी था।
पुलिस आयुक्त ए. सतीश गणेश ने बताया कि जौनपुर और वाराणसी की साझा पुलिस टीम की मदद से वारदात का खुलासा हुआ है। जौनपुर पुलिस ने चार हत्यारोपियों को हिरासत में लिया है।
जानकारी के मुताबिक, लॉन में रविवार की रात मुर्गा और शराब की पार्टी थी। वहां बृजेश ने मुर्गा खाया। शराब पी। दो लोगों के लिए मुर्गा पैक कराया। स्कूटी से घर आया। कार लेकर वह चौबेपुर के चुनमुनपुर में कर्मचारी की बहन के ससुराल पहुंचा।

उसने कॉल कर कर्मचारी की बहन को गांव के बाहर बुलाया। उसके साथ उसका पति भी था। नशे में धुत बृजेश ने कर्मचारी की बहन के पति से कहा कि वह घर जाकर सो जाये।
उसे लेकर वह जा रहा है। पता चलने पर कर्मचारी अपने दोस्त के साथ पहुंचा। उसे अवैध संबंध का पहले से पता था। लॉन मालिक होने और उसके मनबढ़ई के कारण वह कुछ नहीं कह पाता था। बृजेश को समझाने लगा। सभी बृजेश को कार में ले गये।

चलती कार में नशे में धुत बृजेश के सिर पर कार में रखे राड से पीछे से कर्मचारी ने वार कर दिया। बृजेश के बेसुध होने के बाद फिर कार चुनमुनपुर ले गये। वहां कर्मचारी ने बहन और जीजा को उतार दिया। लाश जौनपुर केराकत क्षेत्र में ले जाकर फेंक दी।