पहली बार लालू के जन्मदिन पर नहीं कटेगा केक, बड़े आयोजन से परहेज
सिर्फ गरीबों को खाना खिलाएगी राजद
Ajit mishra
पटना। देश मे कोरोना महामारी के चलते राष्ट्रीय जनता दल ने इस बार बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव का जन्मदिन 11 जून को पूरी सादगी से मनाने का फैसला किया है।इस मौके पर पार्टी का दावा है बिहार के 72 हजार से अधिक गरीबों को भरपेट भोजन खिलाया जाएगा।राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानन्द सिंह का कहना है कि हम लालूजी के जन्मदिवस पर हर साल बड़ा आयोजन करते हैं लेकिन इस बार कोई बड़ा आयोजन नहीं होगा।इसबार जन्मदिन पर केक काटने का फैसला भी टाल दिया गया है।पार्टी ने इसबार बिहार के 72 हजार से अधिक गरीबों को खिलाने का निर्णय लिया है। विधान सभा मे विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने भी ट्वीट कर यह जानकारी दी है।तेजस्वी ने अपने ट्वीट में लिखा है कि लालू यादव के इस बार के जन्मदिन को राजद गरीब सम्मान दिवस के रूप मे मनायेगी।साथ हीं जन्मदिन के मौके पर इसबार 72 हजार से अधिक गरीब जनता के बीच जाकर उन्हें खाना खिलाने का फैसला लिया गया है। ट्वीट में तेजस्वी ने भाजपा पर निशाना साधते हुए यह भी लिखा है की हम 144 करोड़ की लागत से 72 हजार एलईडी स्क्रीन नहीं लगाएंगें,बल्कि गरीबों को भोजन खिलाने का प्रयास करेंगे।राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने भी कहा कि पार्टी हर साल इस मौके पर बड़ा आयोजन करती है, लेकिन इस बार कोई बड़ा आयोजन नहीं है।पूरी सादगी के साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव का जन्मदिवस मनाया जाएगा।इस बार केक भी नहीं कटेगा।केक की जगह हम लोग उन तमाम गरीब जनता को थाली में भोजन परोसेंगे जिसे बजाकर उन गरीब जनता ने बीजेपी के वर्चुअल जनसंवाद का प्रतिकार किया था।सभी प्रखंडों में गरीब लोगों को भरपेट भोजन कराया जायेगा।पार्टी द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के तहत पार्टी के सभी कार्यकर्ता राज्य के सभी प्रखंड मुख्यालयों में गरीब सम्मान दिवस का आयोजन करेंगे और इस मौके पर हर जगह कम से कम 151 गरीब जनता को पार्टी की ओर से भोजन अवश्य करवाया जाएगा।
जगदानंद सिंह ने यह भी बताया कि 11 जून को नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पटना से सड़क मार्ग द्वारा रांची के लिए रवाना होंगे और रिम्स अस्पताल जाकर अपने पिता और राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव को उनके 73वे जन्मदिन की बधाई देंगे।इस दौरान तेजस्वी लालू यादव को बिहार के 72 हजार बूथों के कार्यकर्ताओं की सूची उन्हें सौंपेंगे।ज्ञात हो कि बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राजद प्रमुख लालू यादव इस वक्त चारा घोटाला की सजा में झारखंड की राजधानी रांची की जेल में बंद हैं। स्वास्थ्य कारणों की वजह से लालू यादव को रिम्स अस्पताल के पेईंग वार्ड में रखा गया है।लालू प्रसाद यादव मधुमेह और दिल की बीमारी से ग्रसित हैं. इसके अलावा लालू प्रसाद यादव की किडनी भी ठीक से काम नहीं कर रही है।