चैत्र नवरात्रि : दूसरे दिन माता ब्रह्मचारिणी देवी का दर्शन करने उमड़े भक्त, संतान कामना पूरी करती हैं मां
Varanasi : वासंतिक नवरात्रि का आज दूसरा दिन है। आज मां दुर्गा के दूसरे स्वरूप माता ब्रह्मचारिणी की पूजा अर्चना की जाती है। काशी में मां ब्रह्मचारिणी का मंदिर गंगा किनारे दुर्गा घाट के किनारे है। मां ब्रह्मचारिणी के दर्शन-पूजन के लिए भोर से ही श्रद्धालु कतारबद्ध हैं।

बता दें कि दुर्गा घाट के किनारे स्थित मां ब्रह्मचारिणी मंदिर में भोर से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी है। मान्यता है कि माता के दर्शन मात्र से ही आस्थावानों को यश-कीर्ति की प्राप्ति होती है। मंदिर के पुजारी ने बताया कि भोर में तीन बजे माता को पंचामृत स्नान कराया गया। उसके बाद माता को वस्त्र, आभूषण और मुकुट धारण कराया गया। इसके बाद बेला, चमेली, गुलाब, गुड़हल, कमल के पुष्पों से माता के दरबार को सजाकर उनका विशेष श्रृंगार किया गया। फिर महाआरती की गई। इसके बाद आम भक्तों के दर्शन के लिए माता का कपाट खोल दिया गया।

अलसुबह से लगातार आस्थावानों की भीड़ मंदिर में जुटी है। श्रद्धालु कतारबद्ध होकर माता के चरणों में मत्था टेककर आशीष ले रहे हैं। वहीं मन ही मन अपनी मनोकामनाएं पूर्ण करने की अर्जी लगा रहे हैं। कतारबद्ध श्रद्धालु हाथ में प्रसाद की टोकरी (नारियल, चुनरी, माला-फूल) लेकर पूरे श्रद्धा-भक्ति के साथ अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं।