जर्जर मकान का हो रहा था निर्माण तभी हो गया जमींदोज : मची अफरातफरी, हादसे में एक मजदूर की मौत, दूसरा घायल
Varanasi : चेतगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत बाग बरियार सिंह कॉलोनी में बुधवार दोपहर बाद जर्जर मकान का बड़ा हिस्सा जमींदोज हो गया। मकान गिरने से अफरातफरी मच गई। इस घटना में दो मजदूर चौबेपुर निवासी आजाद (21) और विजय राजभर (19) मलबे में दब गए। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने अन्य लोगों की मदद से मलबे में दबे दोनों मजदूरों को बाहर निकाला और आननफानन अस्पताल भिजवाया। जहां डॉक्टरों ने विजय राजभर को मृत घोषित कर दिया। वहीं अजय का उपचार चल रहा है।

जानकारी के मुताबिक बाग बरियार सिंह में गायत्री देवी पत्नी स्वर्गीय तारा प्रसाद का काफी पुराना मकान है। मकान के एक हिस्से को तोड़कर नया निर्माण किया जा रहा है। दीवार तोड़ने के दौरान ही छत ढह गई और ये हादसा हो गया। आसपास के लोगों को जैसे ही मकान गिरने की जानकारी हुई, वे मौके की तरफ दौड़ पडे़। देखते ही देखते दर्जनों लोग मौके पर पहुंच गए और आनन-फानन मलबे में दबे लोगों को निकालने में जुट गए।

हादसे की सूचना पर मौके पर एसीपी चेतगंज शिवा सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंची। हादसे की सूचना मिलने पर डीएम एस राजलिंगम, वीडीए उपाध्यक्ष समेत अन्य अधिकारी मौके पर और अस्पताल पहुंचे और घायल मजदूर के स्वास्थ्य की जानकारी ली। पुलिस घटना की जांच कर रही है।