Corona update : Varanasi में पुलिसकर्मी और कंपाउंडर सहित आठ लोग फिर infected, active patients की संख्या 66
Varanasi : एक दिन राहत भरी खबर आने के बाद दूसरी दिन फिर पॉजिटिव मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ। बुधवार को बीएचयू लैब से 10 पॉजिटिव रिपोर्ट प्राप्त हुए जिसमें 8 बनारस व दो अन्य जनपद के संक्रमित मरीज हैं। वाराणसी में मिले 8 मरीजों में छह प्रवासी हैं, जबकि एक पुलिसकर्मी और दूसरा कंपाउंडर है। डीएम कौशलराज शर्मा ने बताया कि 121 सैंपल के परिणाम प्राप्त हुए। इसमें से 111 परिणाम नेगेटिव आए और 10 पॉजिटिव हैं। पॉजिटिव आए परिणामों में 2 जौनपुर और आठ वाराणसी के हैं।
छह प्रवासी नागरिकों में 25 वर्षीय एक महिला ग्राम सिसवा थाना कपसेठी की निवासिनी है। यह मरीज सिसवा हॉटस्पॉट से पूर्व में पॉजिटिव हुए 1 वर्षीय बच्चे की मां है। ट्रक से मुंबई से वाराणसी आई थी। 36 वर्षीय दूसरा प्रवासी मरीज ग्राम रतनपुर थाना फूलपुर का रहने वाला है। मुंबई से ट्रक द्वारा वाराणसी आया। मुंबई में यह कपड़ा मिल में काम करता था। 30 वर्षीय तीसरा प्रवासी मरीज ग्राम रतनपुर थाना फूलपुर का निवासी है। यह मरीज मुंबई से ट्रक द्वारा पूर्व में रतनपुर हॉटस्पॉट में कोरोना पॉजिटिव आए मरीज के साथ आया था। मुंबई में यह ऑटो चलाता है। 58 वर्षीय चौथा मरीज ग्राम माधोपुर थाना बड़ागांव का रहने वाला है। भिवंडी से ट्रक द्वारा वाराणसी आया। भिवंडी में एक पावरलूम में काम करता था। 26 वर्षीय पांचवा मरीज हरतीरथ थाना कोतवाली का रहने वाला है। मुंबई से यह ट्रेन द्वारा वाराणसी वापस आया। मुंबई में इसकी अपनी पान की दुकान है। 50 वर्षीय छठा प्रवासी मरीज ग्राम पहाड़ी थाना चोलापुर का निवासी है। मुंबई से कार द्वारा वाराणसी आया। मुंबई में यह कपड़ा सिलाई का काम करता था।
34 वर्षीय सातवां मरीज पुलिस कांस्टेबल है जो कि पुलिस लाइन में आरक्षी है। सीओ सदर के हमराह के सैंपल का परिणाम पॉजिटिव आने पर कांटेक्ट ट्रेसिंग के तहत इसको क्वॉरेंटाइन किया गया था। 25 वर्षीय आठवां मरीज नई पोखरी रामाकांत नगर थाना सिगरा का निवासी है। यह एक कंपाउंडर है। पूर्व में कोरोना पॉजिटिव हुए गुड़-चीनी व्यापारी की कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग से संबंधित है। व्यापारी के घर इंजेक्शन लगाने जाता था।
वहीं, पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय चिकित्सालय में भर्ती 5 एवं बीएचयू सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में भर्ती 2 कोरोना पॉजिटिव मरीजों के फॉलोअप सैंपल का परिणाम नेगेटिव आने के कारण उन्हें स्वस्थ घोषित कर डिस्चार्ज किया गया। डिस्चार्ज हुए मरीजों में एक ए.डी. ऑफिस का चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी है। एक चुप्पेपुर हॉटस्पॉट से संबंधित पुलिसकर्मी है। एक नरिया हॉटस्पॉट में पॉजिटिव आए मरीज की किराएदार है। 4 प्रवासी नागरिक हैं जिनका संबंध हरदासीपुर(1), छितौना(2), उमरहा बराई(1) हॉटस्पॉट से है। अब कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 160 हो गई है। जिसमें से 90 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं एक्टिव मरीजों की संख्या 66 है।
आज कुल 178 सैंपल लिए गए। अब तक 5156 सैंपल लिए जा चुके हैं जिसमें से 4734 का परिणाम प्राप्त हो चुका है 422 सैंपल का परिणाम आना अभी शेष है। नई पोखरी थाना सिगरा एवं पाराडीह थाना चोलापुर नए हॉटस्पॉट बनेंगे। हरतीरथ हॉटस्पॉट ग्रीन जोन से पुन: रेड जोन में आ गया है। इनको मिलाकर जनपद में हॉटस्पॉट की संख्या 80 हो गई है। जिसमें से लल्लापुरा एवं मदनपुरा जो कि आज ग्रीन जोन में आ गए हैं को मिलाते हुए कुल 23 हॉटस्पॉट ग्रीन जोन में आ चुके हैं। हॉटस्पॉट की संख्या 57 है जिसमें से 9 ऑरेंज ओन में एवं 48 रेड जोन में हैं।