Corona update : नौनिहालों ने जीता जंग, धमा-चौकड़ी मचाते दिया कोरोना को मात
संक्रमित बच्चों की उम्र महज तीन से पांच वर्ष, स्वस्थ्य होकर लौटे घर
Varanasi : कोरोना के नाम से कई लोगों की हालत खराब हो जाती है। बनारस के संक्रमित हुए बच्चों ने खेल-खेल में कोरोना से जंग जीत ली। उन्हें पता ही नहीं चला कि वे कब ठीक हो गए। इन बच्चों की उम्र महज तीन से पांच वर्ष है। बच्चों ने एक साफ संदेश दिया कि आप खुद पर ध्यान दो और भूल जाओ कोरोना क्या है? तनाव से दूरी और पॉजिटिव सोच से ही इस बीमारी को हरा सकते हैं। बीएचयू अस्पताल में भर्ती पांच बच्चे नौ से दस दिन के भीतर ही कोरोना को मात देने में सफल रहे। सभी को अस्पताल से छुट्टी भी दी जा चुकी है। इसमें बनारस के डॉक्टरों का बड़ा सहयोग रहा है। बच्चों के माता-पिता का कहना है कि अस्पताल में डॉक्टरों ने अपने बच्चों की तरह इनका ध्यान रखा।
अत्याधुनिक चिकिसीय सुविधायुक्त बीएचयू अस्पताल में कोरोना पॉजिटिव बच्चे भी भर्ती किए जा रहे हैं। तीन से पांच साल के पांच कोरोना पॉजिटिव बच्चे हाल ही में भर्ती किए गए थे। बालरोग विभाग की निगरानी में उनका इलाज किया गया। बुखार के साथ उन्हें सांस लेने में हल्की परेशानी थी। डॉक्टरों का कहना था कि बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता अच्छी रही। इस कारण दवाओं का उन पर जल्दी असर भी हुआ। इलाज के बाद लगातार दो जांचों में सभी कोविड-19 के संक्रमण से मुक्त पाए गए। इसके बाद सभी को हाल ही में अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। हॉस्पिटल में भी सब बच्चे ऐसे रहे, मानों घर पर रह रहे हों। उसी मस्ती के साथ वे हॉस्पिटल में भी धमाचौकड़ी मचाते। वार्ड के बिस्तर उनके लिए खेल का मैदान बन गए थें। माताएं साथ थीं, इसलिए संभालने में ज्यादा दिक्कत नहीं हुई। बच्चों के लिए दूध-बिस्कुट आदि भी अस्पताल की ओर से मंगाया जाता था।
13वीं मौत, 14 नए पॉजिटिव केस
रविवार की देर शाम बीएचयू लैब से प्राप्त हुए रिपोर्ट में 14 नए केस पॉजिटिव पाए गए। जिसमें एक मरीज की मौत के बाद उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। बनारस में कोरोना से 13वीं मौत है। 14 पॉजिटिव मरीजों में से 4 मरीज की रिपोर्ट शनिवार की देर रात मिली थी। मरने वाल 64 वर्षीय मरीज का सम्बंध नीचीब्रम्हपुरी कॉलोनी थाना दशाश्वमेध से है। पिछले 4 वर्ष से टीबी की दवा खा रहे थे। गले में गिल्टी थी। गत 4 वर्षों से खांसी और सांस फूलने की शिकायत थी जिसकी दवा खा रहे थे। 19 जून को सांस फूलने की शिकायत होने पर बीएचयू में भर्ती हुए जिनकी इलाज के दौरान 20 जून को सांस फूलने के कारण मृत्यु हो गई। 20 जून को ही जांच के लीए इनका सैंपल लिया गया था, जिसकी रिपोर्ट आज 21 जून को रिपोर्ट पॉजिटिव आयी है।
सात मरीजों की छुट्टी
ईएसआईसी हॉस्पिटल में भर्ती 01 तथा पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय चिकित्सालय में भर्ती 06 कोरोना पॉजिटिव मरीज के फॉलोअप सैंपल का परिणाम नेगेटिव आने पर उन्हें स्वस्थ घोषित कर डिस्चार्ज किया गया। इस प्रकार आज 07 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया। जिले में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 332 हो गई है। 233 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। एक्टिव मरीजों की संख्या 86 है।अब तक 9028 सैंपल लिए जा चुके हैं जिसमें से 8678 सैंपल का परिणाम प्राप्त हो चुके हैं। 350 सैंपल का परिणाम आना अभी अवशेष है। मिले परिणामों में 8346 परिणाम नेगेटिव और 332 परिणाम पॉजिटिव हैं।
8 नए हॉटस्पॉट
08 नए हॉटस्पॉट अजय विहार कॉलोनी थाना कैंट, चुरामनपुर थाना लोहता, लेडुवई गांव थाना मिर्जामुराद, नीची ब्रम्हपुरी कॉलोनी थाना दशाश्वमेध, सोनारपुरा थाना भेलूपुर, रुद्रा अपार्टमेंट थाना शिवपुर, वीडीए कॉलोनी थाना शिवपुर एवं बरौना थाना फूलपुर बनेगा। इस प्रकार जनपद में हॉटस्पॉट की संख्या 174 हो गई है। 04 हॉटस्पॉट भटौनी थाना बड़ागांव, वासव विक्रमपुर थाना बड़ागांव, लोकपुर थाना बड़ागांव एवं साकेत नगर थाना लंका ग्रीन जोन में आ चुके हैं। इस प्रकार 99 हॉटस्पॉट ग्रीन जोन में आ चुके हैं। पूर्व में घोषित हॉटस्पॉट माधोपुर थाना सिगरा जोकि ग्रीन जोन में आ चुका था, परंतु पॉजिटिव केस मिलने के कारण पुनः रेड जोन में चला गया है। एक्टिव हॉटस्पॉट्स की संख्या 75 है, जिसमें से 18 ऑरेंज जोन में एवं 57 रेड जोन में है।