Corona update : Mumbai से Varanasi आये दो और प्रवासियों की Report positive, 540 Report का इंतजार
Varanasi : कोरोना संक्रमित मरीजों के बढ़ने का सिलसिला जारी है। गुरुवार को भी दो नए पॉजिटिव केस मिले हैं। डीएम कौशलराज शर्मा ने बताया कि बीएचयू लैब से 55 सैंपल के परिणाम प्राप्त हुए। जिसमें 53 परिणाम नेगेटिव आए। दो नए कोरोना पॉजिटिव केस सामने आए हैं। पॉजिटिव आए दो मरीजों में एक 18 वर्षीय मरीज ग्राम छितौना थाना चौबेपुर का रहने वाला है। वह मुंबई से ट्रक द्वारा वाराणसी आया था। मुंबई में यह फल बेचता था। 18 वर्षीय दूसरा मरीज दनियालपुर थाना सारनाथ का रहने वाला है। मुंबई से यह मरीज ट्रेन से वाराणसी वापस आया। मुंबई में यह एक सोनार के यहां चांदी की मूर्ति बनाने का काम करता था। पॉजिटिव मरीजों की संख्या 162 हो गई है। 90 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। एक्टिव मरीजों की संख्या 68 है।
दनियालपुर थाना सारनाथ, जो कि नक्खीघाट से सटा हुआ है, नया हॉटस्पॉट बनाया जा रहा है। हॉटस्पॉट की संख्या 82 हो गई है। 24 हॉटस्पॉट ग्रीन जोन में आ चुके हैं। एक्टिव हॉटस्पॉट की संख्या 58 है। 58 एक्टिव हॉटस्पॉट में से 16 हॉटस्पॉट ऑरेंज जोन में हैं। 42 हॉटस्पॉट रेड जोन में हैं। गुरुवार को जिले में कुल 174 सैंपल लिए गए। अब तक कुल 5329 सैंपल लिए जा चुके हैं, जिसमें से 4789 का परिणाम आ चुका है, 540 सैंपल का परिणाम आना अभी शेष है।