Corona Update : पटरी पर लौट रही व्यवस्था, रेल इंजन उत्पात का काम 33 परसेंट फार्मूले के साथ शुरू

Varanasi : डीजल रेल इंजन कारखाना (डीरेका) में शनिवार से रेल इंजन उत्पादन कार्य पुनः प्रारंभ हो गया। 4 मई से ही डीरेका में कार्यालयी काम सुचारू रूप से नियमित चल रहा है। 48 दिन के बाद डीरेका प्रशासन द्वारा आवश्यक सावधानियों तथा जारी दिशा निर्देशों अनुसार उत्पादन कार्य शुरू करने का निर्णय लिया गया। डीरेका उपनगर के आवासों में रहने वाले कर्मचारियों से ही अधिकतम 33 परसेंट फॉर्मूला के आधार पर सेवायें ली जा रही हैं।

COVID-19 महामारी के दृष्टिगत सभी कर्मचारियों को आरोग्य सेतु ऐप डाउनलोड कराया गया है। फेस मॉस्क उपलब्ध कराए गए हैं। कार्यशाला समय को दो शिफ्ट में बांटा गया है। काम के वक्त सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराया जा रहा है। प्रवेश द्वार पर सभी कर्मचारियों की Thermal Screening की जा रही, साथ ही सभी कार्यस्थलों, प्रवेश द्वारों आदि जगहों पर हाथ धोने और समय-समय पर Sanitization की भी व्यवस्था की गई है।

गृह मंत्रालय, भारत सरकार, राज्य सरकार व जिला प्रशासन की अनुमति व दिशानिर्देशों के साथ डीरेका प्रशासन द्वारा प्रतिदिन सुबह 7.30 से दोपहर 12.30 बजे तक प्रथम शिफ्ट और दोपहर 1.30 से सायंकाल 6 बजे तक कर्मशाला के लिए कार्यकाल निर्धारित किया गया है।