Corona Virus update : Varanasi में सेवापुरी विकास खंड का अर्जुनपुर गांव होगा आठवां Hotspot एरिया
#Varanasi : जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने बताया कि वाराणसी में रविवार को 117 सैंपल की रिपोर्ट प्राप्त हुई। इनमें से 114 नेगेटिव हैं। तीन पॉजिटिव रिपोर्ट में एक सिगरा थाने की नगर निगम पुलिस चौकी का सिपाही है। इनको मिला कर कुल आठ पुलिसकर्मी पॉजिटिव हो गए। 50 वर्षीय और 37 वर्ष के व्यक्ति ग्राम अर्जुनपुर ब्लॉक सेवापुरी के पट्टीदार हैं। ये नीमतल्ला भूतनाथ कोलकाता में लकड़ी मंडी में लोडिंग-अनलोडिंग का काम करते हैं।
कोलकाता से ये अपने बगल में फैले कोरोना संक्रमण से डर से ट्रक में बैठ कर छुपते हुए भाग आये। 17 अप्रैल को वहां से चल कर 22 अप्रैल को गांव पहुंचे। गांववालों ने घुसने नहीं दिया। 23 अप्रैल को ग्राम प्रधान और आशा ने सूझ-बूझ का परिचय देते हुए इन्हें PHC सेवापुरी पहुंचाया। वहां ट्रेवल हिस्ट्री देखते हुए इन्हें शिवपुर CHC पर सैंपलिंग के लिए भेजा गया। 23 अप्रैल को ही इनकी सैंपलिंग हो गई थी। आज इनका रिजल्ट पॉजिटिव आया है। इनको DDU के आइसोलेशन वार्ड में शिफ्ट किया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने बताया कि इन तीन को मिला कर बनारस में 37 पॉजिटिव और 28 एक्टिव केस हो गए हैं। सेवापुरी विकास खंड का ग्राम अर्जुनपुर आठवां हॉटस्पॉट एरिया होगा।
अर्जुनपुर पहुंचे एसपी देहात
उधर, ग्राम पंचायत अर्जुनपुर में दो लोगों के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद गांव को सील किया जा रहा है। एसपी देहात मार्तंड प्रकाश सिंह रविवार की देर रात अर्जुनपुर गांव पहुंचे। थाना प्रभारी कपसेठी रमेश कुमार को हॉटस्पॉट बनाने का निर्देश देने के साथ संक्रमित मरीजों के संपर्क में आने वाले लोगों की पहचान कर उनकी स्क्रीनिंग व सेंपलिंग कराने का उन्होंने निर्देश दिया।