#Covid_19 : राज्यमंत्री ने अफसरों संग की बैठक, तैयारियों की जानकारी लेने के साथ दिए ये निर्देश

#Varanasi : शहर में कोरोना से उत्पन्न परिस्थिति में गरीबों, दैनिक मजदूरों, निराश्रितों, दैनिक कमाने वाले रिक्शा चालक, ठेले-खोमचे वाले, विभिन्न तरह के कामगारों के लिए की जा रही विभिन्न व्यवस्थाओं यथा-पका पकाया भोजन, खाद्यान्न सामग्री आदि की उपलब्धता पर बुधवार को उत्तर प्रदेश के स्टांप एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रवींद्र जायसवाल ने प्रशासनिक अधिकारियों संग सर्किट हाउस में बैठक कर चर्चा की। बैठक में राज्यमंत्री ने विभिन्न सेंटरों पर क्वॉरेंटाइन किए गए लोगों की व्यवस्थाओं आदि की भी जानकारी ली।

तुरंत अवगत कराएं

राज्यमंत्री ने सुझाव दिया कि सैंपल नेगेटिव आने पर मरीज से संबंधित व्यक्ति को उनकी रिपोर्ट से अवगत कराया जाए। ताकि वह संदिग्ध की स्थिति से निकल जाए। दैनिक मजदूर, रिक्शा चालक, ठेले, खोमचे वाले दैनिक रोजी-रोटी कमाते थे। लॉकडाउन में उनका कमाना बंद हो गया। उनके पास राशन कार्ड भी नहीं है, ऐसे लोगों को चिन्हित किया गया। उन्हें एक-एक हजार रुपए सरकार से मिले हैं। अभी भी ऐसे लोगों का सर्वे हो रहा है। इसके अतिरिक्त सूखा राशन किट भी जरूरतमंदों के बीच वितरण किया जा रहा है।

सुबह-शाम वितरित किया जा रहा पका खाना

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जिन लोगों के पास खाना बनाने का स्थान और साधन नहीं है, ऐसे लोग जो सामान्य दिनों में होटल, ढाबों, ठेलों और खोमचों पर खाते थे, ऐसे जरूरतमंदों में प्रतिदिन सुबह-शाम पका खाना वितरित किया जा रहा है। इस व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए प्रत्येक वार्ड में वहां के पार्षद, सामाजिक कार्यकर्ता, नगर निगमकार्मिक और लेखपाल को लगाया जाअ। कोई जरूरतमंद छूटने नहीं पाए। पका पकाया खाना, सूखा राशन की कोई कमी नहीं है।

जिला प्रशासन के काम की सराहना

मंत्री रवींद्र जायसवाल ने जिला प्रशासन द्वारा कोरोना के संक्रमण की रोकथाम के लिए चिकित्सकिय व्यवस्थाओं, क्वॉरेंटाइन व्यवस्थाओं, जरूरतमंदों को सरकार की योजनाओं से लाभान्वित करने आदि सभी काम की सराहना करते हुए साधुवाद दिया। इस दरमियान मण्डलायुक्त दीपक अग्रवाल, जिलाधिकारी कौशलराज शर्मा, एसएसपी प्रभाकर चौधरी, वीडीए उपाध्यक्ष आदि अफसर मौजूद थें।

राजकीय चिकित्सालय का जायजा

राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रवींद्र जायसवाल ने बुधवार को पंडित दीन दयाल उपाध्याय राजकीय चिकित्सालय और शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवपुर तथा वहां स्थापित सैंपल कलेक्शन सेंटर का जायजा लिया। संतोष व्यक्त किया। उनके साथ मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. वीबी सिंह, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विशेश्वर शुक्ला, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आरके सिंह यादव, उप मुख्यचिकित्सा अधिकारी डॉ. सुरेश सिंह और डॉ. सौरभ प्रताप सिंह आदि लोग उपस्थित थें। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवपुर में जायजा लेने के दरमियान उन्होने वहां स्थापित नमूना संग्रह केंद्र का भी उन्होंने अवलोकन किया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी से नमूना संग्रह के बाबत जानकारी लिया। राज्यमंत्री ने चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ एवं अन्य विभागीय स्टाफ द्वारा निष्ठापूर्वक दी जा रही सेवाओं के लिये प्रसंशा करते हुये उनका आभार व्यक्त किया।