Covid-19 : सारनाथ मिनी जू किए गए सुरक्षा के खास इंतजाम, इन जानवरों का रखा जा रहा विशेष ख्याल

वाराणसी। कोरोना वायरस से बचाने के लिए वन्य जीवों की सुरक्षा के विशेष इंतजाम सारनाथ स्थित मिनी जू में किये गए हैं। विश्व मे फैले इस भयंकर महामारी से वन्य जीवों को बचाने के लिए मिनी जू प्रभारी अमित दुबे की देखरेख में वनकर्मी हाथों में दस्ताने, मॉस्क पहनकर व सेनेटाइजर से पूर्ण रूप से सफाई करने के बाद ही पक्षियों और चीतलों को दाना दे रहे हैं। घड़ियाल, मगरमच्छ और जलचर मांसाहारी जीवों को खाने के लिए आयी मछलियों को गर्म पानी मे डालने और धोने के बाद ही दिया जा रहा है। छोटे पक्षियों के बाड़े को भी सेनेटाइजर स्प्रे किया जाता है। वन क्षेत्राधिकारी एके उपाध्याय ने बताया कि मांसाहारी जीवों पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। सभी जानवरों का बेहतर तरीके से देखभाल किया जा रहा है। इनकों कोई दिक्कत न हो इसका पूरा ध्यान रखा जा रहा है। डाक्टरी सेवा के साथ ही खान-पान सही हो इस दिशा में रोज पहल हो रही है।

मिनी जू में मौजूदा समय में दो घड़ियाल, दो-तीन मगरमच्छ, एक सारस, एक लोहा सारस, एक हवाशील, छह जांघिल, चार ईमू, छह लब बर्ड, 108 चीतल इस समय हैं। दरअसल, अमेरिका में एक बाघिन के कोरोना वायरस संक्रमित होने के बाद वन विभाग के अधिकारियों ने सारनाथ स्थित मिनी जू के वन्य जीवों के लिए विशेष सुरक्षा व्यवस्था का इंतजाम किया है। जब तक कोरोना वायरस का असर रहेगा तब तक मांसाहारी जीवों का विशेष ध्यान दिया जाएगा।