भाई की शादी करा कर लौट रहा दानिश बाइक सहित 30 फीट गहरे खाई में गिरा : दुर्घटना स्थल पर मौत, परिवार के लोग बेसुध
Varanasi : लंका थाना क्षेत्र राष्ट्रीय राज्यमार्ग दो पर स्थित लौटूवीर पुलिया पर बाइक अनियंत्रित होने के कारण गुरुवार को करीब 30 फिट नीचे जा गिरी। दुर्घटना स्थल पर बाइक सवार दानिश निषाद (32) की मौत हो गई। राहगीरों से सूचना मिलने के बाद पुलिस पुलिस ने मृतक के जेब में मिले मोबाइल नंबर से मृतक के गांव के पूर्व प्रधान राजेंद्र से संपर्क किया।
तब जाकर मृतक के परिजनों को दुर्घटना की जानकारी हुई। सूचना मिलने के बाद दुर्घटना स्थल पर परिजन पहुंचे। दुर्घटना का कारण हाइवे उबड़-खाबड़ होने के साथ पुलिया के ऊपर बैरिकेडिंग न होना बताया गया है।
चौबेपुर थाना क्षेत्र के मुस्तफाबाद ढाब का रहने वाले मनई निषाद के छह बेटों में सबसे छोटे बेटे संदीप की बारात बुधवार को अदलहाट थाना क्षेत्र कैलहट के आगे चित्रहा गई थी। शादी का रस्म समाप्त होने के बाद बारात विदा होने के बाद मनई का चौथा नंबर का बेटा दानिश बाइक लेकर मुस्तफाबाद निकला। रैपुरिया घाट के सामने पीपा पुल पार कर टिकरी से होकर डाफी पहुंचा।
डाफी टोल प्लाजा से पांच सौ मीटर आगे बढ़ने पर लौटूवीर पुलिया के पास गाड़ी की गति थोड़ा अधिक होने के कारण उबड़-खाबड़ हाईवे पर बाइक अनियंत्रित होकर पुलिया पर बैरिकेडिंग नहीं होने के कारण 30 फिट नीचे जा गिरी। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पिता मनई और चाचा छेदी भाइयों के साथ पहुंचे। मृतक की पत्नी गुड़िया और दो छोटे बच्चे हैं। शादी चार साल पहले हुई थी। दानिश तीन बार दुबई गया था। साल भर पहले घर आया था।
