Breaking Varanasi उत्तर प्रदेश ऑन द स्पॉट 

कुएं में गिरने से बुजुर्ग की मौत : फायर ब्रिगेड ने शव को निकाला, रात में घर से टहलने निकले थे

Varanasi : लालपुर पांडेयपुर थाना क्षेत्र के नई बस्ती के पास शुक्रवार की देर रात कुएं में गिरकर मुन्ना तिवारी (86) की मौत हो गई। देर रात वह घर से टहलने निकले थे। उनके कुएं में गिरने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को फायर ब्रिगेड की मदद से बाहर निकलवाया।

मुन्ना तिवारी के इकलौते बेटे अनंत तिवारी ने बताया कि उनके पिता रोज की भांति रात 2.30 बजे टहलने के लिए निकले। वह टहलने के बाद सुबह 4 बजे तक घर आ जाते थे। लेकिन इस बार नहीं आये तो उनकी तलाश शुरू हुई। आसपास तलाश के बाद भी उनका पता नही चला। संदेह गहराने लगा तो उन्होंने डायल 112 पर पिता की गुमशुदगी की सूचना दी। कुछ देर के बाद मौके पर फैंटम दस्ता पहुंचा। पुलिस लोगों से पूछताछ कर रही थी। तभी एक व्यक्ति ने आकर बताया कि धोबियानी गली में स्थित कुएं के पास छड़ी और गमछा पड़ा है। पुलिस के साथ लोग पहुंचे। कुएं में झांककर देखा तो उनका शव पड़ा था।

तत्काल सूचना देकर फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। बाद में फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने क्षेत्रीय लोगों की मदद से शव को कुएं से निकाला। परिवार के मुखिया की मौत से परिजनों शोक में डूब गये। हालांकि परिवारवाले शव का पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते थे। इसलिए पुलिस ने पुत्र से तहरीर ली और क्षेत्रीय लोगों की गवाही लेने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।

You cannot copy content of this page