मंडलायुक्त ने कमिश्नरी व जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट में शान से फहराया तिरंगा : संविधान की शपथ दिलाई, स्वंत्रता सेनानियों को किया सम्मानित, देखें तस्वीरें
Varanasi : पूरा देश आज 74वां गणतंत्र दिवस पूरे जोश और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। वाराणसी में भी सरकारी कार्यालयों में गणतंत्र दिवस मनाया गया है। मंडलायुक्त कौशल राज शर्मा ने कमिश्नरी में झंडा फहराया। इसके बाद अफसर व कर्मियों को संविधान के पालन की शपथ दिलाई। राजकीय बालिका इंटर कालेज की छात्राओं ने राष्ट्रगान किया। मंडलायुक्त ने काशीवासियों व मंडल के नागरिकों को गणतंत्र दिवस की शुभकमनाएं दीं। कहा कि सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को शपथ दिलाई गई कि पूरी क्षमता के साथ जनता का काम करेंगे। काशी में हाल के दिनों में काफी विकास कार्य कराए गए हैं। उन्हीं कामों को और सुदृढ़ करते हुए और ज्यादा आजीविका के साधन लोगों को उपलब्ध कराए जा सकें और अधिक पर्यटकों को आमंत्रित किया जा सके।
उधर, कलेट्रेट परिसर कार्यालय में जिलाधिकारी एस. राजलिंगम ने ध्वजारोहण किया। राष्ट्रगान के बाद जिलाधिकारी एस.राजलिंगम ने काशीवासियों को गणतंत्र दिवस की बधाई दी। राष्ट्रगान के बाद जिलाधिकारी ने सभी को संविधान की शपथ दिलाते हुए अपने कर्तव्यों को संविधान के नियमों के अनुरूप पूरा करने की बात कही। उन्होंने कहा की देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने में सभी अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करेंगे। इस अवसर पर स्वतंत्रता सेनानियों को जिलाधिकारी वाराणसी ने सम्मानित किया। इस खास अवसर पर जिलाधिकारी एस. राजलिंगम ने कहा की भारत बहुत तेजी से आगे बढ़ रहा है। इस राष्ट्र पर्व पर देश के एक जिम्मेदार नागरिक होने के कारण हम सबका फर्ज है की इसके विकास में हम अपना योगदान दें।


