Breaking Crime Varanasi ऑन द स्पॉट 

वाराणसी कमिश्नरेट में आफत बने शराबी : जर्नलिस्ट अभय पर हमला, भर्ती कराया गया, पुलिस चेक कर रही सीसीटीवी फुटेज

Varanasi : कमिश्नरेट में शराबी आफत बन गए हैं। दिन में कहीं भी महफिल जमा रहे हैं। राह चलते किसी के भी साथ बदसलूकी करना शराबियों की आम आदत में शुमार होता जा रहा है। ज्यादातर लोग पचरे से बचने के लिए पुलिस तक नहीं जाते, कुछ शिकायतें पुलिस तक पहुंचती हैं। आगे का हाल सभी को पता है।

दरअसल, जर्नलिस्ट अभय मिश्रा मंगलवार की दोपहर अशोक विहार कॉलोनी से अपने घर अनौला जा रहे थे। पांडेयपुर मॉडल वाइन शॉप के सामने बाइक सवार मनबढ़ युवक रोड पर शराब पी रहे थे। युवकों में से एक ने अपनी बुलेट बाइक अभय मिश्रा की स्कूटी के आगे लगा दिया। धूप से बचने के लिए अभय ने चेहरे को गमछे से ढक रखा था। मनबढ़ युवकों में से एक ने अभय का गमछा खींच दिया, जिससे वह स्कूटी सहित रोड पर गिर पड़े। अभय जान बचाने के लिए दौड़ कर चौराहे की तरफ गए। वहां मौजूद ट्रैफिक पुलिस के जवानों को आपबीती बताई।

हमलावरों की उम्र 20 से 26 साल के बीच

इससे पहले कि ट्रैफिक पुलिस के जवान वहां पहुंचते हमलावर बाइक लेकर भाग निकले। अभय ने पुलिस को जानकारी दी है कि हमलावर तीन बाइक से थे। सभी की उम्र 20 से 26 साल के बीच थी। जानकारी मिलने पर लालपुर-पांडेयपुर और कैंट थाने की पुलिस पहुंची। इस बीच अभय की हालत बिगड़ने लगी। उन्हें पंडित दीनदयाल हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया।

पुलिस ने जानकारी इकट्ठा किया

घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज चेक करने के साथ मॉडल वाइन शॉप के सेल्समैन और कर्मचारियों से जानकारी इकट्ठा की है। कैंट थाना प्रभारी निरीक्षक प्रभुकांत ने बताया कि हमलावरों की तलाश की जा रही है। जल्द उनकी गिरफ्तारी होगी।

क्यों किया हमला?

अभय पर हुए हमले के संबंध में अभी तक कुछ भी स्पष्ट नहीं है। बाइक सवार मनबढ़ युवकों ने उनके पर क्यों हमला किया, यह रहस्य बना हुआ है। अभय मिश्रा जर्नलिस्ट होने के साथ-साथ मौजूदा समय में गाजियाबाद के पुलिस कमिश्नर अजय मिश्र के छोटे भाई हैं। साथ ही, अभय का विवादों से दूर-दूर तक कोई नाता नहीं रहा है।

You cannot copy content of this page