अंडा विक्रेता ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली : परिजनों में कोहराम, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को भेजा
Varanasi : रामनगर थाना क्षेत्र के सूजाबाद पड़ाव निवासी अंडा विक्रेता सुनील यादव (50) ने शुक्रवार की रात पारिवारिक विवाद के बाद फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। जानकारी के मुताबिक, सुनील पड़ाव चौराहे के पास ठेला पर अंडा की दुकान लगाता था। वह नशे का आदी था। रात में वह दुकान बंद कर नशे की हालत में घर पहुंचा। इसी दौरान परिवार में किसी बात पर विवाद होने लगा। इसके बाद वह गुस्से में अपने कमरे में सोने चला गया। दो घंटे के बाद उसका बेटा सुमित कमरे में गया तो देखा कि पंखे के हुक से दुपट्टे के फंदे के सहारे उसकी लाश लटक रही है। इसके बाद परिवार में कोहराम मच गया। आसपास के लोग भी जुट गये। देर रात हुई इस घटना की सूचना मिलने पर शनिवार की सुबह रामनगर पुलिस पहुंची। शव को उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।