Breaking Crime Varanasi ऑन द स्पॉट पूर्वांचल 

वाराणसी कमिश्नरेट के दो थाना क्षेत्रों में जमकर मार : महिलाओं सहित इतने लोग जख्मी, झोपड़ी फूंकने के साथ लूटपाट का आरोप

Varanasi News : कमिश्नरेट के दो थाना क्षेत्रों में रंजिशन घर में घुसकर मारपीट, लूटपाट और झोपड़ी में आग लगाने की घटनाएं हुईं। दोनों मामलों की शिकायत संबंधित थानों की पुलिस से की गई है।

पहली घटना सारनाथ थाना क्षेत्र के कोटवा की है। शुक्रवार की सुबह कोटवा में जमीन को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ। आरोप है कि एक पक्ष ने दूसरे पक्ष की झोपड़ी में आग लगाने के साथ लूटपाट की।

आग लगने से झोपड़ी सहित उसमें रखा सामान, दो खरगोश और एक मुर्गा भी जल गए। आग लगाने वालों की संख्या पांच बताई गई है।

आरोप है कि रोकने पर सभी ने मारपीट और लूटपाट की। हमले में महंगू प्रसाद, सनी, काजल, मीरा, लल्लू और मनीष को गंभीर चोटें आई हैं।

मीरा को ज्यादा चोट लगने से कबीर चौरा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तोड़फोड़ और लूटपाट करने का वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो गई है।

आसपास के लोगों का कहना था कि लंबे समय से दोनों पक्षों में जमीनी विवाद चला आ रहा है। मार खाने वाले पक्ष ने आरोप लगाया है कि सुबह तकरीबन 8 बजे आग लगाई गई।

मारपीट करने के साथ लूटपाट की गई। मार खाने वाला पक्ष शिकायत करने के लिए सहायक पुलिस आयुक्त सारनाथ के दफ्तर पहुंचा।

ACP के दफ्तर से सभी को सारनाथ थाने भेजा गया। इस घटना के बाद आसपास के लोग दबी जुबान कई तरीके की बात कह रहे थे। मार खाने वाले पक्ष ने भी कई संगीन आरोप लगाए हैं।

दूसरी घटना सिगरा थाना क्षेत्र के चंदुआ, छित्तुपूर की है। आरोप है कि पियूष अग्रहरि को कुछ मनबढ़ों ने घर में घुसकर लाठी, डंडे और बेल्ट से पीटकर जख्मी कर दिया।

घोसियाना के पुराने मकान पर पीयूष अग्रहरि से आरोपियों की किसी बात पर कहासुनी हुई। आरोप है कि हमलावरों ने घर में घुसकर परिजनों सहित पीयूष पर हमला कर दिया। झगड़ा सीसी कैमरे में कैद हो गया है। थाने पर लिखित शिकायत की गई है।

You cannot copy content of this page