Big Breaking : मौसमी तपिश के बीच कपसेठी में आंसुओं की बरसात, घर लौट रहे मजदूरों की जिंदा जलने से मौत के बाद चार परिवारों में मातम
Varanasi : मुंबई से घर लौट रहे कपसेठी थाना क्षेत्र के रहने वाले चार श्रमिकों की जलकर मौत हो गई। मधुमक्खियां, तिलवार और कपसेठी गांव के चार मजदूरों की मुंबई से गांव आते समय टैंकर और बस में भिड़ंत के बाद खाई में गिरने से टैंकर में आग लग गई। चारों मजदूर की जलने से दुर्घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जानकारी मिलते चारों के गांव में कोहराम मच गया। परिवार की महिलाओं का रोकर बुरा हाल है।
दरअसल, मधुमक्खियां गांव निवासी अखिलेश राम (18) पुत्र संतोष राम, कृपाशंकर राम (45) पुत्र छोटे लाल, हरेंद्रराम (50) पुत्र वनारसीराम ग्राम तिलवार व कपसेठी निवासी प्रदीप कुमार पुत्र रामबली मजदूरी घाटकोपर मुंबई रहकर करते थे। सभी लोग 17 मई को देर रात एक साथ टैंकर पर सवार होकर कपसेठी आ रहे थे। जब नागपुर के पास धुलिया पहुंचे तो सामने से आ रही बस और टैंकर में भिडंत हो गई। टैंकर खाई में पलट गई। खाई में पलटने के बाद टैंकर में आग लग गई। सभी की दुर्घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जानकारी होते ही सभी गांवों में कोहराम मच गया।
मधुमखियां निवासी अखिलेश के पिता संतोष कुमार राम पहले से घाटकोपर मुंबई में रहते हैं। उनको जब जानकारी हुई तो दुर्घटनास्थल पर पहुंचे। दुर्घटना की जानकारी परिजनों को दी। तिलवा निवासी हरेंद्र राम के बड़े भाई जयप्रकाश भी घाटकोपर में मजदूरी करते हैं। वह भी दुर्घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने अपने परिवार में मां इमरती देवी को इसकी जानकारी दी। जानकारी मिलते हैं गांव में मातम छा गया।