G-20 Summit : मेहमानों के आगमन से पहले बदल जाएगी काशी की सूरत, इस चौराहे पर दिखेगा विश्वप्रसिद्ध संगीत घराना तो यहां पर अशोक स्तंभ
Varanasi : G-20 Summit की जून में होने वाली बैठक के लिए पूरी दुनिया से मेहमान काशी आएंगे। ऐसे में काशी को और सजाने संवारने की कवायद की जा रही है। खासतौर से शहर के प्रमुख चौराहों को ऐसी थीम पर सजाया जा रहा है जिससे कि मेहमान काशी की धार्मिक, सांस्कृतिक पहचान से रूबरू हो सकें। जहां हरहुआ चौराहे पर अशोक स्तंभ दिखेगा। वहीं लहुराबीर पर विश्व प्रसिद्ध बनारस घराना की झलक दिखेगी। प्रशासन इसकी तैयारी में जुटा है।
बता दें कि बाबतपुर एयरपोर्ट से निकलते ही मेहमानों को महात्मा बुद्ध के दर्शन होंगे। वहीं हरहुआ चौराहे पर अशोक चक्र व स्तंभ की आकृति दिखेगी। गिलट बाजार चौराहे पर G-20 की ग्लोबनुमा आकृति के साथ झरने बनाए जा रहे हैं। लहुराबीर चौराहे पर आकर्षक फब्बारे लगा दिए गए हैं। वहीं यहां जो आकृति लगाई जाएगी, उसमें बनारस का संगीत घराना दिखेगा। मैदागिन चौराहे पर महादेव का त्रिशूल स्थापित किया जा रहा है। 11, 12 व 13 जून को होने वाली बैठक में भाग लेने के लिए विदेशी मेहमान काशी आएंगे।
विकास प्राधिकरण और नगर निगम की ओर से शहर में मनमोहक सजावटें की जा रही हैं। दीवारों पर चित्रकारी, दुकानों व प्रतिष्ठानों का रंगरोगन कराया जा रहा है। नमो घाट व सारनाथ तक की सड़कों को सजाया व संवारा जा रहा है। एयरपोर्ट की फूलों से सजावट की जाएगी। अपर नगर आयुक्त रीजव राय ने बताया कि G-20 के मद्देनजर चौराहों, सड़कों को सजाया जा रहा है।