Ganga Dussehra 2023 : इस दिन है गंगा दशहरा, जानें पूजा का शुभ मुहूर्त और महत्व
हर साल ज्येष्ठ माह के शुक्ल पक्ष की दशमी तिथि के दिन गंगा दशहरा मनाया जाता है। इस दिन हिंदुओं की पवित्र नदी मां गंगा का पूजन किया जाता है और गंगा में स्नान करने का भी विधान है। हिंदू धर्म में गंगा दशहरा का खास महत्व है क्योंकि धार्मिक मान्यताओं के अनुसार गंगा दशहरा के दिन ही मां गंगा धरती पर उतरी थीं। हर साल गंगा दशहरा के दिन श्रद्धालुओं की भीड़ गंगा स्नान के लिए उमड़ती है। आइए जानते हैं इस साल कब है गंगा दशहरा, इसका महत्व और पूजा का शुभ मुहूर्त।

गंगा दशहरा 2023ः डेट और शुभ मुहूर्त
पंचांग के अनुसार 29 मई को सुबह 11 बजकर 49 मिनट पर ज्येष्ठ माह के शुक्ल पक्ष की दशमी तिथि शुरू होगी। इसका समापन 30 मई को दोपहर 1 बजकर 7 मिनट पर होगा। उदयातिथि के अनुसार गंगा दशहरा 30 मई को मनाया जाएगा। गंगा दशहरा के मौके पर पूरे दिन रवि योग रहेगा और साथ ही सिद्धि योग भी बन रहा है। जो कि पूजा-पाठ के लिए बहुत ही शुभ माना जाता है।

गंगा दशहरा का महत्व
सनातन धर्म में गंगा को एक पवित्र नदी का दर्जा दिया गया है कहते है कि गंगा में स्नान करने से व्यक्ति के सारे पाप मिट जाते हैं। इसलिए गंगा दशहरा के दिन हजारों की संख्या में श्रद्धालू गंगा में स्नान के लिए पहुंचते हैं। धर्म पुराणों के अनुसार ज्येष्ठ माह के शुक्ल पक्ष की दशमी तिथि के दिन मां गंगा स्वर्ग से धरती पर उतरी थी। इसलिए हर साल इस दिन गंगा दशहरा के तौर पर मनाया जाता है।

गंगा दशहरा पूजन विधि
गंगा दशहरा के दिन पवित्र नदी गंगा में डुबकी लगाना शुभ माना जाता है। अगर आप गंगा स्नान के लिए नहीं जा पा रहे तो घर में ही स्नान करते समय पानी में थोड़ा सा गंगाजल अवश्य मिलाएं। कहते हैं कि इससे सारे पाप मिट जाते हैं और देवी-देवताओं का आशीर्वाद मिलता है। गंगा दशहरा के दिन दान करने का विशेष महत्व माना गया है लेकिन ध्यान रखें कि इस दिन दान की जाने वाली चीजों की संख्या 10 होनी चाहिए। पूजा में भी 10 फल, 10 फूल का उपयोग करना चाहिए।