गंगा दशहरा महोत्सव 2022 : मां गंगा की महाआरती में पहुंचे राष्ट्रीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष और सांसद बृजभूषण शरण सिंह, बोले- सदानीरा का आशीर्वाद पाकर धन्य हुआ
Santosh Pandey
Varanasi : गंगा दशहरा पर गंगोत्री सेवा समिति की तरफ से दो साल बाद मां गंगा की भव्य महाआरती का आयोजन दशाश्वमेध घाट पर किया गया। महाआरती आरती में सांसद बृजभषण शरण सिंह मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद थे। गंगा आरती शुरू होने के पहले मां भागीरथी का विशेष-पूजन किया गया। कैसरगंज के सांसद और भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण ने मां गंगा का आचमन किया। मां गंगा की पूजा की। उन्होंने कहा कि सदानीरा मां गंगा का आशीर्वाद पाकर धन्य हो गया।
गंगोत्री सेवा समिति के संस्थापक अध्यक्ष किशोरी रमण दूबे ‘बाबू महाराज’ ने बताया कि ज्येष्ठ माह के शुक्ल पक्ष की दशमी तिथि पर पड़ने वाला गंगा दशहरा सनातन धर्म में खास है। इस दिन गंगा स्नान कर जरूरतमंदों में दान-पुण्य करने का प्रतिफल अन्य दिनों के मुकाबले कई गुना बढ़कर मनुष्य को मिलता है। साथ ही गंगा दशहरा पर मां जाह्नवी के विशेष पूजन अर्चन का विधान भी है।
उन्होंने बताया कि मां गंगा की महाआरती से पहले 11 ब्राह्मणों द्वारा षोडशोपचार पूजन किया गया। मां गंगा की विशाल प्रतिमा का श्रृंगार किया गया। साल में एक बार दशाश्वमेध घाट पर मां गंगा की प्रतिमा का दर्शन होता है। महाआरती के दौरान 11 कन्याएं रिद्धि-सिद्धि के रूप में चंवर डोला रही थीं।
मुख्य अतिथि सांसद बृजभूषण शरण सिंह के साथ संजय सिंह बबलू, राजीव सिंह रानू, डॉक्टर धनंजय सिंह, शैलेंद्र सिंह, अतुल रघुवंशी आदि मौजूद थे। रामकृष्ण मिशन के स्वामी घनश्यामानंद और सेंट्रल बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक दुर्गेश सिंह विशिष्ट अतिथि थे। मुख्य अतिथि का स्वागत गंगोत्री सेवा समिति के संस्थापक अध्यक्ष पंडित किशोरी रमण दूबे ‘बाबू महाराज’, संस्था के सचिव पंडित दिनेश शंकर दूबे और संस्था के संरक्षक गंगेश्वरधर दूबे ने माल्यार्पण कर किया। अतिथियों को स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया।
बाबू महाराज ने बताया कि वर्षों से गंगा अवतरण दिवस पर मां गंगा की भव्य आरती की परंपरा चली आ रही है। इसी क्रम में यह आयोजन आज किया गया है। यह आयोजन पिछले दो वर्षों में कोरोना काल में नहीं हो पाया था।
इस दौरान मंच संचालन राजेश शुक्ला ने किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति अमलेश शुक्ला और कन्हैया दूबे केड़ी ने की। इस गंगोत्री सेवा समिति के संकट्ठा प्रसाद, रामबोध सिंह, मनीष दूबे आदि लोग मौजूद थें।
केदारघाट पर भी आयोजन
उधर, गंगोत्री सेवा समिति की ओर से केदारघाट पर मां गंगा की महाआरती का आयोजन किया गया। समिति के संदीप दूबे सोनू ने बताया कि केदारघाट पर गंगोत्री सेवा समिति की तरफ से दशहरा पर मां गंगा की महाआरती और हवन-पूजन किया गया।









