महामहिम की काशी यात्रा : 21 देव कन्याएं और 7 अर्चक करेंगे गंगा आरती, देव दीपावली जैसा होगा नजारा
Varanasi : महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज पहली बार काशी आ रही हैं। राष्ट्रपति की इस यात्रा से पहले वाराणसी को देव-दीपावली की तरह से सजा दिया गया है। गंगा के घाट साफ-सुथरे और चमकते नजर आ रहे हैं। धार्मिक स्थलों की ओर जाने वाली सड़कों से अतिक्रमण हटा दिए गए हैं। चौराहे राष्ट्र ध्वज और द्रौपदी मुर्मू के पोस्टर से सजाए गए हैं।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दशाश्वमेध घाट पर मां गंगा की आरती देखेंगे। क्रूज पर सवार होकर राष्ट्रपति 21 देव कन्याओं और 9 अर्चक के 45 मिनट तक चलने वाले गंगा पूजन को निहारेंगी। साथ में षोडशोपचार विधि से मां गंगा का अनुष्ठान कर प्रसाद ग्रहण करेंगी। दशाश्वमेध घाट को रंग-बिरंगे फूलों और झालरों से सजाया गया है। भारी संख्या में घंटा-घड़ियाल भी बांध दिए गए हैं। दीयों से जगमगाते घाट और टिमटिमाती लाइट देव दीपावली का एहसास कराएगी।

राष्ट्रपति मां गंगा की आरती के बाद क्रूज से ही सीधे बाबा विश्वनाथ के दरबार में प्रवेश कर जाएंगी। वहां पर गर्भ गृह में बाबा का दर्शन और जलाभिषेक के साथ विधि-पूर्वक पूजा-अर्चना करेंगी। कॉरिडोर भ्रमण के बाद वह परंपरा का निर्वहन करते हुए बाबा काल भैरव के मंदिर में शीश नवाएंगी। करीब 5 घंटे की काशी यात्रा के बाद वो आज ही रात वापस दिल्ली लौट जाएंगी।
15 मिनट पहले थम जाएगी ट्रैफिक
राष्ट्रपति का काफिला जिस मार्ग से गुजरेगा, उस पर 15 मिनट पहले ही ट्रैफिक रोक दी जाएगी। करीब 450 कॉन्स्टेबल और हेड कॉन्स्टेबल, 80 सब इंस्पेक्टर, 26 डिप्टी एसपी और 16 ASP सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे। नौसेना के साथ जल पुलिस, PAC बाढ़ राहत दल और NDRF के जवान दशाश्वमेध घाट पर सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालेंगे। अग्निशमन, बम निरोधक दस्ते के साथ डाग स्क्वायड भी रहेंगे। सादे कपड़े में भी जवानों की तैनाती की गई है।
