Health Politics Varanasi 

Lockdown 4.0 में मठ-मंदिरों को खोलने का धर्मार्थ कार्य मंत्री ने दिए संकेत, मंदिरों के महंतों के साथ होगी बैठक

Varanasi : उत्तर प्रदेश के पर्यटन, संस्कृति, धर्मार्थ कार्य एवं प्रोटोकॉल राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. नीलकंठ तिवारी एवं स्टांप एवं पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविद्र जायसवाल ने संयुक्त रूप से गुरुवार को सर्किट हाउस सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक किया। उन्होंने कहा 15 जून तक मानसून के आने की संभावना है। ऐसी स्थिति में शहर में कहीं भी सड़क पर पानी नहीं रुकनी चाहिए। नालों की सफाई युद्ध स्तर पर अभियान चलाकर नगर निगम सुनिश्चित कराए। नगरीय क्षेत्र में स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिए जाने हेतु नगर आयुक्त को निर्देशित किया। इसके साथ ही उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी को ग्रामीण क्षेत्रों में अभियान चलाकर वर्षा से पूर्व विशेष स्वच्छता अभियान चलाए जाने का निर्देश दिया। उन्होंने विशेष रूप से जो देते हुए कहा कि उचित मूल्य की दुकानों पर घटतौली के साथ-साथ अन्य शिकायतें मिल रही हैं। इसके लिए उचित मूल्य की दुकानों की नियमित जांच करायी जाए।

मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी ने जिलाधिकारी से कहा कि लॉकडाउन के वक्त आगे अब भविष्य में और भी छूट दी जाएगी और काशी की मंदिरों में लोग अपने आराध्य के दर्शन के लिए जाएंगे। ऐसी स्थिति में सोशल डिस्टेंसिंग को अपनाते हुए लोग दर्शन लाभ प्राप्त कर सकें, इसके लिए प्रमुख मंदिरों के महंतों के साथ भी बैठक कर विचार विमर्श कर आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करायी जाए।

मंत्री रविंद्र जायसवाल ने किसानों के उत्पादों विशेषकर सब्जियों की बिक्री में बिचौलियों का हस्तक्षेप समाप्त कराए जाने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित करायी जाए, ताकि किसान अपनी सब्जियों को आवश्यकतानुसार अपने आसपास के क्षेत्र में स्वयं बिक्री कर सके। इससे उसे निश्चित रूप से उचित मूल्य प्राप्त हो सकेगा और बिचौलियों का प्रभाव समाप्त होगा। उन्होंने गर्मी में पेयजल की समस्या न होने पाए इसके लिए जल निगम एवं जल संस्थान के अधिकारियों को शत-प्रतिशत ओवरहेड टैंको से पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित कराए जाने की व्यवस्था किए जाने का निर्देश दिया। उन्होंने सीवर, पेयजल एवं सफाई व्यवस्था की समस्या के त्वरित समाधान के लिए विधायकों, पार्षदों एवं अधिकारियों का एक व्हाट्सएप ग्रुप भी बनाए जाने का नगर आयुक्त को निर्देश दिया। जिससे समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित हो सके। उन्होंने मानसून आने से पूर्व नालों की सफाई पर विशेष जोर देते हुए शहर की सड़कों पर पानी न लगने पाए, इसके लिए ठोस रणनीति बनाए जाने का भी निर्देश दिया। उन्होंने शहर में जल निकासी की चोक पाइपलाइनो की सफाई एवं क्षतिग्रस्त पाइप लाइनों को 10 जून तक हर हालत में ठीक कराए जाने का भी निर्देश दिया।

बैठक में एमएलसी अशोक धवन, भाजपा महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय सहित जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा, एसएसपी प्रभाकर चौधरी, उपाध्यक्ष विकास प्राधिकरण राहुल पाण्डेय, नगर आयुक्त गौरांग राठी, मुख्य विकास अधिकारी मधुसूदन हुलगी के अलावा अन्य प्रमुख अधिकारी उपस्थित थें।

You cannot copy content of this page