Kanwar Yatra 2023 : DM ने कांवर यात्रा वाले रास्तों का जायजा लिया, बोले- शिवभक्तों को तकलीफ न हो, इन इंतजामों को दुरुस्त करने के निर्देश
Varanasi News : जिलाधिकारी एस. राजलिगम ने कांवर यात्रा मार्ग का निरीक्षण किया। उन्होंने यात्रा मार्ग पर सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने के निर्देश देते हुए कहा कि शिवभक्तों को किसी तरह की दिक्कत न हो। उन्होंने कांवड़ मार्ग में समुचित साफ-सफाई के साथ ही प्रकाश व्यवस्था भी सुनिश्चित कराए जाने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।

जिलाधिकारी ने पुलिस अधिकारियों के साथ कांवर यात्रा मार्ग का निरीक्षण किया। उन्होंने चांदपुर चौराहा, मंडुहाडीह चौराहा, भास्कर पोखरा, रोहनिया, मोहनसराय, अकेलवा तिराहा, मेहंदीगंज, रखौना अंडरपास, परमपुर चौराहा रोड का निरीक्षण किया।

उन्होंने यात्रा मार्ग पर कहीं भी जलभराव न होने और बरसात के दौरान होने वाले जलभराव को तत्काल निकासी कराए जाने के भी निर्देश दिया।

DM ने पुलिस के अधिकारियों से कहा कि कांवर यात्रा मार्गों पर यातायात और सुरक्षा के चाक-चौबंद व्यवस्था सुनिश्चित कराए जाय। वाराणसी-प्रयागराज मार्ग पर कावरियों के लिए आरक्षित लेन में किसी भी दशा में वाहन न आने पाए। इसके लिए पिकेट और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को कड़े निर्देश दिए जाएं।