राजकीय बाल गृह से भागा किशोर : गिनती के वक्त हुई जानकारी, तलाश में लगे कर्मचारी
Varanasi : रामनगर के राजकीय बाल गृह से बुधवार सुबह खेलकूद के बाद एक किशोर लापता हो गया। रोज की तरह सुबह 8 बजे बाल गृह के सभी किशोर खेलकूद के लिए बाहर आये। तभी वह झाड़ियों के बीच छिप गया। जब सभी किशोर वापस नाश्ता करने गए, तभी वह दीवार फांदकर भाग गया।
दोपहर बाद किशोरों की गिनती में घटना पता चली। उच्चाधिकारियों को इसकी सूचना देने के साथ ही तलाश शुरू की गई। उसे सीडब्ल्यूसी ने तीन दिन पहले कैंट स्टेशन से पकड़ा था। बिहार निवासी किशोर पहले भी बिहार की कई चाइल्ड लाइन संस्थाओं से भाग चुका है।
बाल गृह के प्रभारी अधीक्षक अशोक कुमार ने बताया कि 24 घंटे की खोज के बाद लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ थाने में तहरीर दी जाएगी। ज्ञात हो कि बुधवार को केंद्रीय टीम निरीक्षण के लिए आने वाली थी, किन्हीं कारणों से नहीं आ सकी।