Lockdown 4.0 : आदेश में कोई बदलाव नहीं, घरों में ही रहकर अदा करे ईद-उल फितर की नमाज- DM Kaushal Raj Sharma
अंजुमन इन्तजामिया मस्जिद के संयुक्त सचिव की अपील घरों में सुरक्षति रहते हुए मनाए भाईचारे का पर्व
Varanasi : जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने बताया कि लॉकडाउन 4.0 में भारत सरकार के लागू आदेशों के तहत किसी भी धार्मिक स्थल पर कोई व्यक्ति नहीं जाएगा। वाराणसी में पॉजिटिव मरीजों की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए ईद के अवसर पर भी आदेश में कोई बदलाव नहीं किया गया है। जुमा अलविदा की तरह ही उन्होंने घरों में ही रह कर ईद मनाने की मुस्लिम भाइयों से अपील की। उन्होंने विशेष रूप से जोर देते हुए कहा कि जीवन की सुरक्षा सर्वोपरि है। किसी भी पर्व को जीवन की कीमत पर प्राथमिकता नहीं दी जा सकती। विशेषकर ऐसी स्थिति में जब कि देश ही नहीं बल्कि विश्व खतरनाक महामारी का सामना कर रहा हो।
अंजुमन इन्तजामिया मसजिद के संयुक्त सचिव एस.एम. यासीन ने कहा कि आज कुछ समाचार पत्रों ने सोमवार को ईद के नमाज की समयसारिणी प्रकाशित कर दी है जो बिल्कुल गलत है। भारत सरकार और जिला प्रशासन के आदेश के विपरीत है। उन्होंने कहा है कि मस्जिदों के अंदर रहने वाले प्रतिदिन के नमाजियों के लिए लाकडाउन में जो संख्या तय थी, वही कल भी रहेगी। शेष सभी मुस्लिम भाई लोग घरों में ही नमाज़ पढेंं। रविवार को शहर में अनाउंसमेंट कर फ्लैग मार्च करने के साथ इसकी जानकारी दी गई है।
