#Lockdown : इलाज के अभाव में बुजुर्ग महिला की मौत, इंजीनियर बेटे ने एंबुलेंस सेवा पर लगाया लापरवाही का आरोप
वाराणसी। कालीमहल निवासिनी बुजुर्ग महिला ने इलाज में देर होने के चलते दम तोड़ दिया। महिला के इंजीनियर बेटे ने एम्बुलेंस सेवा पर लापरवाही का आरोप लगाया है। दरअसल, कुसुम विश्वकर्मा (52) डायलिसिस पर चल रही थीं। बीती देर शाम अचानक उनकी तबियत खराब हो गई। आरोप है, लॉकडाउन के चलते बंदी होने के नाते बेटे रोहित ने सरकारी एंबुलेंस सेवा पर घंटों फोन किया, लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया। फिर उन्होंने प्राइवेट एंबुलेंस को फोन लगाया लेकिन उसने भी आने में असमर्थता जताई।
प्रयास के बाद एक ऑटो रिक्शा से रोहित अपनी बीमार मां को लेकर प्राइवेट अस्पतालों का चक्कर पूरी रात काटता रहे, किसी ने इलाज के लिए भर्ती नहीं किया। बुजुर्ग महिला को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया। उन्हें बीएचयू सर सुंदरलाल भेजा गया। किसी तरह बुजुर्ग कुसुम का इलाज शुरू हुआ, इलाज के दरमियान उन्होंने दम तोड़ दिया। गुरुवार की सुबह मणिकर्णिका घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। रोहित विश्वकर्मा दिल्ली में सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं। वह लॉकडाउन के वजह से घर पर ही हैं। उन्होंने एम्बुलेंस सेवा पर लापरवाही व फोन न उठाने का आरोप लगाया है। उनका कहना था कि अगर वक्त पर एम्बुलेंस आ जाती तो उनके मां की जान बच सकती थी।