#Lockdown : वाराणसी-मिर्जापुर सीमा पर जबरदस्त चेकिंग, कचहरी चौराहे पर पुलिसवालों ने लापरवाहों को दी अनोखी सजा, लंका पुलिस ने भी दिखाई सख्ती
वाराणसी। शहर में पुलिस प्रशासन द्वारा लॉकडाउन का शख्ती से पालन कराया जा रहा है। लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस शख्ती से कार्रवाई भी कर रही है। शनिवार को पुलिस द्वारा लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों को एक अनोखी सजा दी गई, जिसकी चर्चा पूरे दिन होती रही। कचहरी सहित अन्य जगहों पर बिना मॉस्क पहने बेवजह घूमने वालों को कैंट पुलिस द्वारा अनोखी सजा दी गई। लोगों को सबक सिखाने के साथ पुलिस ने जागरूक किया।

दरअसल, बेवजह बिना मॉस्क लगाए सड़क पर घूम रहे लोगों को पुलिस ने पकड़ कर पहले तो उन्हें मॉस्क पहनाया उसके बाद अन्य तीन लोगों को मास्क वितरण का वादा लेकर रवाना किया। बिना मॉस्क सड़कों पर टहल रहे लोगों को यह अनूठी सजा पुलिस की ओर से पहली बार दी गई। खास बात यह कि कुछ प्रशासनिक अधिकारी व कलेक्ट्रेट कर्मी भी बिना मास्क के दिखे तो उन्हें भी यही अनूठी सजा का मजा दिया गया। यह अनूठी सजा कचहरी चौकी प्रभारी दीनदयाल पांडेय, तरुण कश्यप, महिला सब-इंस्पेक्टर नीलम सिंह, अनिता चौहान की टीम ने कचहरी चौराहे पर लोगों को दे रहे थे।
दूसरी ओर, रामनगर थाने के दरोगा अभिनव श्रीवास्तव ने बनारस मिर्जापुर सीमा पर टेंगरा मोड़ के पास शनिवार को कई वाहनों का चालान किया। तफरी करते नजर आए लोगों की पुलिस ने पीठ पूजा की। जरूरतमंदों के बीच पुलिसवालों ने मॉस्क बांटा गया। ऐसे ही लंका पुलिस ने भी सड़क पर तफरी कर रहे कई वाहन सवारों को सबक सिखाया। कई गाड़ियों का चालान किया गया।