#Lockdown : Varanasi में पुलिस टीम पर हमला करने वाले दो पत्थरबाज गिरफ्तार, 10 नामजद सहित 25 अज्ञात हमलावरों के खिलाफ FIR

#Varanasi : आदमपुर पुलिस पर हमला करने के मामले में बुधवार को पुलिस ने दो नामजद आरोपी को गिरफ्तार करके उनका चालान कर दिया। इस मामले में 10 नामजद सहित 25 अज्ञात आरोपियों की तलाश की जा रही है। मंगलवार की रात मच्छोदरी पुलिस चौकी के सामने चौकी के सेकंड अफसर शमशुल कमर हमराहियों के साथ लोगों के बीच खाना वितरित कर रहे थें। सोशल डिस्टेंसिंग का ख्याल रखने की बात कहने पर कुछ लोगों ने पुलिस टीम से विवाद कर लिया।

चौकी इंचार्ज राजकुमार यादव पहुंचे। उपद्रवियों ने पुलिस टीम पर पत्थरबाजी शुरू कर दिया। पुलिसकर्मियों ने अधिकारियों को जानकारी दी। पत्थरबाजी में चोटिल चौकी इंचार्ज राजकुमार यादव की तहरीर पर 10 नामजद और 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ धारा 147, 148, 188, 269, 271, 323, 504, 506, 332, 353 और 7 सीएलए एक्ट के तहत मुकदमा कायम किया गया। बुधवार को पुलिस ने इस मामले में चंदन और कुंदन को गिरफ्तार कर उनका चालान कर दिया। पुलिस नामजद आरोपियों सहित अज्ञात हमलावरों की तलाश कर रही है।