#Lockdown : कब्रिस्तान जाकर फातिहा पढ़ने से इनकार करने पर युवक को पीटने वालों की तलाश, चार के खिलाफ थाने में दी गई है नामजद तहरीर

वाराणसी। कोरोना महामारी से बचाव के लिए लागू किए गए लॉकडाउन के नियमों का पालन न कर कुछ लोग अपनी और दूसरों की जान खतरे में डालने में लगे हैं। ऐसी ही घटना बड़ौरा बाजार में हुई। शब-ए-बारात पर कब्रिस्तान में फातिहा पढ़ने से इनकार करने पर चार मनबढ़ युवकों ने युवक की पिटाई कर दी। जंसा थाने में चार लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी गई है।

दरअसल, बड़ौरा बाजार निवासी अशरफ को शनिवार की शाम गांव के चार युवकों ने कब्रिस्तान में फातिहा पढ़ने के लिए चलने को कहा। अशरफ ने लॉकडाउन का हवाला देकर कब्रिस्तान जाने से मना किया। कहा, वह घर पर ही फातिहा पढ़ेगा। चारों नाराज हो गए। उसकी जमकर पिटाई की। पता चलने पर पुलिस पहुंची तो हमला करने वाले युवक भाग निकले।

अशरफ ने बताया कि इससे पहले शुक्रवार की शाम भी चारों मनबढ़ युवक उसके घर आए थे। कब्रिस्तान चलने का दबाव बना रहे थे। मना करने पर चारों उससे कहासुनी के साथ ही हाथापाई करने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने बीचबचाव कर मामला शांत करा दिया था। चारों युवक शनिवार को फिर आए और कब्रिस्तान जाने से इनकार करने पर उसकी जमकर पिटाई किए। पुलिस चारों आरोपियों की तलाश कर रही है।