लोलार्क षष्ठी और अघोरेश्वर जयंती पर्व : महाराजश्री बाबा कीनारामजी का पूजन हुआ, आज मनाई जाएगी परमपूज्य अघोरेश्वर भगवान रामजी की 86वीं जयंती
Varanasi : लोलार्क षष्ठी और अघोरेश्वर जयंती का दो दिनी पर्व शुक्रवार से शुरू हो गया। कार्यक्रम के पहले दिन भाद्र शुक्ल षष्ठी, संवत 2079 शुक्रवार को अघोर पीठ श्रीसर्वेश्वरी समूह संस्थान देवस्थानम्, अवधूत भगवान राम कुष्ठ सेवा आश्रम, पड़ाव, वाराणसी में अघोराचार्य महाराजश्री बाबा कीनारामजी का जन्म षष्ठी (लोलार्क षष्ठी) पर्व संस्था के अध्यक्ष औघड़ गुरुपद संभव रामजी के सान्निध्य में संस्था के भक्तिमय वातावरण में मनाई गई।
सफाई श्रमदान के बाद सुबह 8 बजे पूज्यपाद बाबा गुरुपद संभव रामजी ने महाराजश्री बाबा कीनारामजी की प्रतिमा का विधिवत पूजन किया। अघोर शोध संस्थान के निदेशक डॉ. अशोक कुमार सिंह द्वारा सफलयोनि का पाठ किया गया। पूज्य बाबा ने आश्रम के उपासना स्थल चिरकुट देवी विहार में हवन-पूजन की प्रक्रिया पूरी की।
इसके बाद दो दिनों तक चलने वाले अखंड संकीर्तन ‘अघोरान्ना परो मन्त्रः नास्ति तत्वं गुरोः परम्’ का शुभारंभ पूज्यपाद बाबा ने देवी मंदिर की पञ्च परिक्रमा करके की। शनिवार यानी आज परमपूज्य अघोरेश्वर भगवान रामजी की 86वीं जयंती मनाई जाएगी। इस अवसर पर देश के विभिन्न प्रान्तों से आए संस्था के सदस्य, भक्त और श्रद्धालु कार्यक्रम में सम्मिलित हैं।


