विवाहिता ने दो बच्चों के साथ लगाई आग : पुलिस ने पहुंचाया हॉस्पिटल, इलाज के दौरान तीन महीने की बच्ची की मौत, दस साल पहले हुई थी शादी
Varanasi : गांगकला (पश्चिमपुरा) में रविवार को सुबह तकरीबन 9 बजे 28 वर्षीया विवाहिता ने पारिवारिक कलह से तंग आकर तीन महीने की बेटी और सात साल के बेटे के साथ घर के अंदर आग लगा लिया। चीख सुनकर लोगों ने किसी तरह आग बुझाया। आग बुझाने में पति का हाथ चल गया है।
बड़ागांव पुलिस ने सभी को PHC पहुंचाया। चिकित्सकों ने सभी को BHU के लिए रेफर कर दिया। इलाज के दौरान बच्ची की मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक, फुलपुर थाना क्षेत्र के पुरा रघुनाथपुर निवासी लालजी पटेल की बेटी संजू देवी की शादी 10 साल पहले बड़ागांव थाना क्षेत्र के गांगकला (पश्चिमपुरा) गांव निवासी रविप्रकाश पटेल के साथ हुई थी।

पति मजदूरी करता है। विवाहिता की सास प्राथमिक विद्यालय में खाना पकाती हैं।
तंगी और पारिवारिक कलह के चलते पति-पत्नी में हमेशा विवाद होता था। दोनों को पुत्र सुर्यांश और बच्ची प्रियल थी। शनिवार की शाम और रविवार की सुबह पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर वाद विवाद हुआ।
सुबह करीब 9 बजे पति घर से बाहर गया। विवाहिता दोनों बच्चों के साथ कमरे में गई। आग लगा लिया। घर पहुंचे पति ने चीख-पुकार सुनकर दरवाजा तोड़ कर आसपास के लोगों के साथ आग बुझाया। बचाने में पति का हाथ भी जल गया। परिजनों ने जानकारी मायके वालों को दी। खबर लिखे जाने तक पुलिस को लिखित तहरीर नहीं मिली थी।