Exclusive Varanasi उत्तर प्रदेश 

चैत्र नवरात्र की नवमी आज : सिद्धमाता मंदिर में उमड़े श्रद्धालु, चौतरफा गूंज रहा जय माता दी, दर्शन कर देवी भक्त हुए निहाल

नवमी के दिन मां सिद्धिदात्री देवी के दर्शन की मान्यता है। वाराणसी में इनका अति प्राचीन मंदिर मैदागिन गोलघर इलाके की सिद्धमाता गली में स्थित है। सिद्धिदात्री देवी सभी प्रकार की सिद्धियों को देने वाली देवी हैं। देवी पुराण के अनुसार भगवान शिव ने सिद्धिदात्री देवी की कृपा से ही आठ सिद्धियों को प्राप्त किया था। इन्ही की अनुकंपा से भगवान शिव का आधा शरीर देवी का हुआ था। जो अर्धनारीश्वर के नाम से जाना जाता है।

देवी मां के इस स्वरुप के दर्शन के लिए नवरात्रि के सभी दिन भक्तों की खासी भीड़ उमड़ती है। नवमी के दिन श्रद्धालु भोर से लेकर देर रात तक मां सिद्धिदात्री देवी का दर्शन-पूजन करते हैं।

हाथों में नारियल, गुड़हल की माला, लाल चुनरी व प्रसाद लेकर भक्तों के आने का सिलसिला ब्रह्म मुहूर्त से आरंभ हुआ जो देर रात तक चलेगा। भक्तों ने माता के नवें स्वरूप का दर्शन किया और माता से सिद्धि, सुख, शांति और सौभाग्य की कामना की। इसके अलावा दुर्गाकुंड समेत अन्य देवी मंदिरों में भी बड़ी संख्या में लोग दर्शन-पूजन कर रहे हैं।

मंदिर के पुजारी बच्चालाल मिश्र ने बताया कि नवमी के आज खास दिन मां के दर्शन के लिए भक्त न केवल वाराणसी बल्कि दूरदराज से भी आते हैं। मान्यता है कि नवरात्रि में जो भक्त देवी दरबार में दर्शन नहीं कर पाते हैं, वे नवमी के दिन मां सिद्धिदात्री देवी के दर्शन कर लें तो उनको पूर्ण फल की प्राप्ति होती है। मैदागिन गोलघर इलाके में स्थित श्री श्री सिद्धमाता मंदिर का उल्लेख काशी खंड में है। इनके दर्शन मात्र से परेशान लोगों की परेशानी दूर होती है और मनोकामना की पूर्ति होती है।

You cannot copy content of this page