बिजली की समस्या से परेशान लोग रोड पर उतरे : नारेबाजी कर जताया विरोध, आश्वासन पर मान गए, सुबह 10.30 बजे से इतने बजे तक किया प्रदर्शन
Varanasi : शिवपुर के घोड़हा में कई महीने से खराब बिजली सप्लाई से परेशान लोग शुक्रवार को सुबह तकरीबन 10 बजे सड़क पर उतर आए। बिजली विभाग के खिलाफ मुर्दाबाद का नारा लगाने लगे। महिलाएं और पुरुष घोड़हा गांव से पैदल चलते हुए उसरपुरवां पुल के समीप आ गए।
बिजली विभाग के खिलाफ नारा लगाने लगे। पहुंची शिवपुर पुलिस ने लोगों को काफी समझाने का प्रयास किया लेकिन वो लोग जेई को बुलाने और समस्या निस्तारण की मांग पर अडिग रहे। SHO के फोन करने पर संबंधित क्षेत्र के जेई सूर्यनाथ यादव मौके पर पहुंचे। एक सप्ताह में समस्या से निजात दिलाने का आश्वासन दिए।




जनता की बात
इलाकाई दीपक सिंह ने बताया कि कई वर्षों से यहां लो वोल्टेज की समस्या है। सूचना बिजली विभाग के अधिकारियों सहित कई सरकारी पोर्टल पर दिया गया। समाधान नहीं निकला। पोर्टल पर तो निस्तारित किये जाने का मैसेज भी आ गया लेकिन समस्या जस की तस बनी रही। सरोज सिंह, एकता सिंह और प्रियंका सिंह ने बताया कि यहां लो वोल्टेज और बिजली कटौती प्रतिदिन की समस्या है, जिसके कारण हम सभी बेहद परेशान हैं। लो वोल्टेज के कारण पानी नहीं मिल पाता है जिससे दैनिक क्रिया बाधित होती है। भीषण गर्मी में बिजली और पानी न मिल पाने के कारण कामकाज और बच्चों को स्कूल भेजने में काफी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।
JE बोले
इस सम्बंध में JE सूर्यनाथ यादव से बात करने पर उन्होंने बताया कि इस क्षेत्र में पहले 100 केवीए का ट्रांसफार्मर लगा था। लोड बढ़ने के कारण 160 केवीए का ट्रांसफार्मर लगाया गया। जर्जर तार और अर्थिंग न होने के कारण लो वोल्टेज की समस्या बनी हुई है। कहा कि एक सप्ताह के अंदर जर्जर तार को बदल दिया जाएगा। लो वोल्टेज की समस्या समाप्त हो जाएगी
आश्वासन पर लौट गए लोग
JE के आश्वासन पर लोग अपने घर वापस गए। प्रदर्शन में शालिग्राम द्विवेदी, रवींद्र सिंह, दीनानाथ सिंह, सरोज सिंह, एकता सिंह, अनुपम मिश्रा, प्रियंका सिंह, महेंद्र यादव, सविता सिंह, योगेंद्र दुबे, अविनाश, चंद्रमा, दीपक इत्यादि सहित सैकड़ों की संख्या में लोग मौजूद रहे। प्रदर्शन सुबह लगभग 10.30 से दोपहर एक बदे तक चलता रहा।
