पानी के लिए लोग परेशान : महीने भर से आपूर्ति ठप, गर्मी बढ़ने के साथ बढ़ता जा रहा संकट
Varanasi : राजातालाब क्षेत्र के कचनार, रानी बाजार और परसुपुर मुहल्ला में महीने भर से जलापूर्ती बाधित है। क्षेत्रीय रहवासियों का कहना है कि लोगों को पेयजल के लिए परेशान होना पड़ रहा है।
लोगों का कहना है कि नवरात्रि जैसे महत्वपूर्ण पर्व पर यदि जल की आपूर्ति नहीं होगी तो वे त्योहार कैसे मनाएंगे। गर्मी बढ़ने के साथ ही क्षेत्र में पानी का संकट बढ़ता जा रहा है।

इलाकाई निवासी विरेंद्र पटेल, अमृत पटेल, मनोज पटेल, वीजेंद्र पटेल, पप्पू विश्वकर्मा आदि का कहना है कि पेयजल आपूर्ति बाधित होने से उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इलाके में हैंडपंप की संख्या भी काफी सीमित है। यहां की आबादी भी लगातार बढ़ी है जिससे पानी की मांग भी बढ़ती जा रही है। कई हैंडपंप खराब हो गए हैं। क्षेत्र के रहने वाले राजकुमार गुप्ता ने जिलाधिकारी कार्यालय में टेलिफोनिक शिकायत किया है। इसके बावजूद पेयजल की आपूर्ति नहीं हुई।