बवाल के बाद करधना में बनाई गई पुलिस चौकी : CO और SDM ने किया लोकार्पण, इनको बनाया गया पहला चौकी इंचार्ज
Varanasi : करधना गांव में मोहर्रम के पर्व पर बीते नौ अगस्त को निकले ताजिया जुलूस के दौरान हुए बवाल के बाद शांति व्यवस्था के मद्देनजर मंगलवार की सांयकाल गांव के पंचायत भवन में फिलहाल नई पुलिस चौकी स्थापित की गई। सीओ बड़ागांव अतुल अंजान त्रिपाठी व एसडीएम राजातालाब गिरीश द्विवेदी ने हवन-पूजन कर पुलिस चौकी का लोकार्पण किया।
मिर्जामुराद थाने के एसआई अतुल त्रिपाठी को चौकी का प्रभारी नियुक्त किया गया है। बताते चलें कि बीते मंगलवार की दोपहर एक वर्ग समुदाय के लोग जुलूस के रूप में कुंडरिया स्थित कर्बला जा रहे थे। मिर्जामुराद के करधना बाजार से गुजरते समय दुकानदार खदेरू जायसवाल के घर के सामने स्थित जामुन के पेड़ की पतली डाल को काटने की बात को लेकर दो वर्ग के बीच विवाद हो गया।
ईंट-पत्थर व लाठी-डंडा चलने से बाजार में अफरा-तफरी मच गयी। बवाल में सच्चालाल जायसवाल समेत अन्य घायल हो गए थे। पथराव व भगदड़ से बाजार की सभी दुकाने धड़ाधड़ बंद हो गयी थीं। घायल सच्चालाल की तहरीर पर 16 नामजद व डेढ़ सौ अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी हुई हैं।नवनियुक्त थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार सिंह ने बीते गुरुवार को नामजद व चिन्हित 16 आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। उधर, जंसा निवासी अली हसन ने बीते 12 अगस्त को 19 नामजद व डेढ़ सौ अज्ञात के खिलाफ दर्ज करने के लिए तहरीर दी है।