पुलिस ने रुपये और गहने वापस किया : जल्दीबाजी में दर्शनार्थी का छूट गया था सूटकेस, छोड़ दी थी मिलने की आस
Varanasi : बिहार लौटते वक्त 15 अप्रैल को काशीपुरा में हरेंद्र सिंह नामक दर्शनार्थी का रुपयों और गहने से भरा सूटकेस छूट गया था। चौक पुलिस ने हरेंद्र का सूटकेस उन्हें वापस किया। खोया सूटकेस वापस पाकर हरेंद्र सिंह ने पुलिस को धन्यवाद कहा। हरेंद्र ने कहा कि उन्होंने सामान सहित सूटकेस मिलने की आस छोड़ दी थी।
SHO चौक शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि 15 अप्रैल हरेंद्र सिंह पुत्र उमा शंकर सिंह निवासी सोनबसरा, सिवान, बिहार सपरिवार वाराणसी श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए आए थे। दर्शन के बाद उनको राजधानी एक्सप्रेस से दिल्ली जाना था। रात में ऑटो रिक्शा पकड़ते समय जल्दबाजी में उनका एक सूटकेस छूट गया। सभी रेलवे स्टेशन चले गए।
थाना प्रभारी ने बताया कि लावारिस हालत में सूटकेस देखकर लोगों ने पुलिस को बताया। इसपर चौकी प्रभारी को भेज कर सूटकेस को सुरक्षात्मक जांच करने के बाद थाने लाया गया।
खोल कर देखा गया तो उसमे 70000 रुपये, एक सोने की अंगूठी, एक सोने का सिक्का, चांदी का एक सिक्का 50 ग्राम, चांदी के दो सिक्के 10,10 ग्राम, चांदी के दो अन्य सिक्के, एक सोने का मंगलसूत्र, 4 जोड़ा पायल, नाक की कील, बिछुआ और पांच साड़ियां निकली।
अटैची में ही एक टेलीफोन नंबर भी मिला। मालिक के बारे में जानकारी प्राप्त किया गया। संपर्क कर थाने पर बुलाया गया। तस्दीक करने के बाद हरेंद्र को उनका सामान वापस कर दिया गया। सूटकेस में रखे सामानों की कीमत तकरीबन दो लाख रुपये थी।
