Politics Varanasi 

Politics : कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी जल्द आएंगी बनारस

फेसबुक पर की जौनपुर पसेवां कांड की निंदा

पीड़ित परिवार को 25 लाख रुपये की आर्थिक मदद देने की मांग

Varanasi : प्रियंका गांधी वाड्रा जल्द बनारस आएंगी। कांग्रेस से जुड़े सूत्रों का कहना है कि प्रियंका लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उतरने के बाद जौनपुर के लिए प्रस्थान करेंगी। दरअसल, जौनपुर के मुफ्तीगंज ब्लाक के पसेवां गांव में किशोरी की दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने फेसबुक पर पोस्ट कर पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिया है। पार्टी नेताओं का दावा है कि प्रियंका गांधी पीड़ित परिवार से मिलने जल्द ही जौनपुर भी आएंगी। उन्होंने प्रदेश सरकार से पीड़ित परिवार को 25 लाख रुपये की आर्थिक मदद देने की मांग की है।

याद होगा, पसेवां गांव निवासिनी किशोरी की 29 मई को घर से अपहरण कर दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गई थी। इस मामले में ग्राम प्रधान सहित चार आरोपियों पर केस दर्ज हुआ है। मामला सुर्खियों में आने के बाद विभिन्न दलों के नेता गांव पहुंचकर पीड़ित परिवार से सहानुभूति जताने में लगे।

भाजपा, सपा, बसपा, सुभासपा के नेताओं के बाद अब कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने भी मामले का संज्ञान लेते हुए अपने फेसबुक अकाउंट पर पोस्ट कर घटना की निंदा की है। पीड़ित परिवार के प्रति सहानुभूति जताई है। उन्होंने लिखा है कि 29 मई को जौनपुर की एक बेटी की हत्या कर दी गई थी। कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल उसके परिजनों से मुलाकात कर उन्हें हरसंभव मदद का विश्वास दिलाकर आया है। हमारी पार्टी के अध्यक्ष ने पीड़ित परिजनों को 25 लाख का मुआवजा और परिवार को सुरक्षा देने की मांग की है। हम न्याय के पक्ष में लड़ते रहेंगे।

You cannot copy content of this page